जागरण संवाददाता, रामपुर। कुशीनगर जिले के फरार दो बदमाशों को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने एसओजी की मदद से दबोच लिया। गैंगस्टर के मुकदमों में कुशीनगर पुलिस को दोनों की तलाश थी। उनकी गिरफ्तारी पर कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार का इनाम भी रखा गया था। उनके कब्जे से पुलिस को दो तमंचे और चोरी की बाइक भी मिली है।
पकड़े गए दोनों बदमाश स्थानीय हैं। इनमें टांडा थाना क्षेत्र के मुहल्ला नज्जूपुरा का रिजवान पुत्र स्व. इस्लाम और गंज कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला नालापार काशीपुरा का साजिद पुत्र भूरा है। रिजवान के खिलाफ कुशीनगर जनपद के थाना तराय सुजान में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है, जबकि साजिद के खिलाफ कुशीनगर जनपद के ही तमकुहीराज थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। दोनों ही इन मुकदमों में फरार चल रहे थे।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों के फरारी की जानकारी मिली थी। सोमवार को दोनों को आगापुर विजईया लिंक रोड अंडर पास के नीचे से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से एक-एक तमंचा और बाइक मिली। बाइक चोरी की है, जिसके उनके पास कागज नहीं थे।
दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। इनका आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। फिलहाल रिजवान पर तीन मुकदमों की जानकारी हुई है, जिसमें कटघर थाना मुरादाबाद में चोरी, कुशीनगर में गोवध अधिनियम और गैंगस्टर का मुकदमा है। साजिद के खिलाफ भी कुशीनगर में गोवध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है।  |
|