search

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बस हादसे में दो और मृतकों की हुई पहचान, ड्राइवर को भेजा गया जेल

deltin33 3 hour(s) ago views 297
  



जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोसाईगंज के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को बस पलटने के बाद पांच लोगों की मौत के मामले में मंगलवार को गोसाईगंज पुलिस ने दो मृतकों की शिनाख्त कराई। एक नेपाल और दूसरे बिहार के रहने वाले हैं। उनके परिवारजन को पुलिस ने सूचना दी है। साथ ही घटना में घायल बिहार के अररिया निवासी महिला की तहरीर पर वाहन नंबर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस बस के फरार चालक, क्लीनर को तलाश रही है।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को पंजाब से सवारियां लेकर बिहार जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। घटना में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 40 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

तीन मृतकों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी स्थित भुवारी निवासी 30 वर्षीय वीरेंद्र, अररिया के सकटी निवासी आठ वर्षीय अंजली और उसके पांच वर्षीय भाई प्रियांशू के रूप में हुई थी। दो लोगों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। तीन मृतकों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को दो और मृतकों की शिनाख्त हुई है। एक मृतक नेपाल के सरलाही निवासी 29 वर्षीय डिगन काथर व दूसरे बिहार के मुज़फ्फरपुर निवासी छह वर्षीय गोलू हैं। दोनों के परिवारजन को घटना की जानकारी दी गई है।

गोसाईगंज पुलिस को तहरीर देकर अंजली और प्रियांशू की मां सुलेखा ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सुलेखा के दो बच्चों की घटना में मौत हो गई जबकि वह और तीसरी बेटी पूनम ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। डीसीपी ने बताया कि चालक को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। रिमांड के बाद पूछताछ की जाएगी।  

40 घायल अब भी भर्ती


घटना में कुल 40 लोग घायल हुए थे जो अलग अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। 30 घायलों का इलाज पीजीआइ अस्पताल के एपेक्स ट्रामा सेंटर, सात का केजीएमयू ट्रामा सेंटर और तीन मामूली घायलों का सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। इंस्पेक्टर डीके सिंह ने बताया बस में सवार दूसरे चालक और खलासी की तलाश जारी है। दो टीम उनको पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें- होली पर दिल्ली-नोएडा के लिए 24 घंटे चलेंगी बसें? सरकार ने एक्स्ट्रा इनकम का भी कर दिया बंदोबस्त   
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
476304