संवाद सहयोगी, कल्याणपुर(कानपुर)। CSJMU Kanpur: कानपुर यूनिवर्सिटी में एक बार फिर से बाहरी तत्वों की दबंगई देखने को मिली। इस बार इस दबंगई का शिकार फैकल्टी हुए। उनकी कार पर हाथ मारकर रोका गया। साथ ही उनसे अभद्रता की गई। बता दें कि पहले भी बाहरी तत्वों की वजह से यूनिवर्सिटी कैंपस में अनुशासनहीनता हुई थी।
सीएसजेएमयू में संकट के बादल छंटने के नाम नहीं ले रहे हैं। पहले फर्जी मार्कशीट और डिग्री मामले में जांच जारी है। अब बाहरी तत्वों की वजह से कैंपस में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सीएसजेएम विश्वविद्यालय में बाहरी छात्रों ने फैकल्टी के साथ अभद्रता कर दी। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने सभी से पूछताछ की। काफी देर तक चले वाद विवाद के बाद सभी को परिसर से बाहर निकाला गया। ऐसे में छात्रों और फैकल्टी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
आखिर बाहरी छात्रों को रोका क्यों नहीं गया?
सीएसजेएम विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को एक दर्जन से ज्यादा बाहरी छात्र घूम रहे थे। तभी नम्रता मार्ग के पास असिस्टेंट प्रोफेसर आनन्द गुप्ता की कार में छात्रों ने हाथ मार दिया। उस वक्त प्रोफेसर कार में ही थे।
फैकल्टी से अभद्रता
बाहर निकल कर उन्होंने छात्रों से पूछताछ की तो छात्रों ने अभद्रता करते हुए कहा कि गाड़ी क्षतिग्रस्त तो नहीं हुई है। अगर शिकायत करनी हो तो कर दो।जिसके बाद विवाद बढ़ गया।सूचना मिलने के बाद पुलिस और चीफ प्राक्टर शशिकांत समेत फैकल्टी के कई लोग मौके पर पहुंचे।छात्रों से आइकार्ड मांगे गए तो वह टालमटोल करने लगे। पता चला कि सभी छात्र किसी निजी कालेज के छात्र हैं और वह विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले दो छात्रों के बुलाने पर आए थे।
अभद्रता के बाद चेतावनी देकर छोड़ा
फिलहाल सभी छात्रों को चेतावनी देकर परिसर से बाहर निकाल दिया गया है।बाद में विश्वविद्यालय में इसको लेकर मीटिंग भी हुई और छात्रों से पूछताछ भी की गई है।कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि छात्रों को बाहर निकाल दिया गया है।कोई तहरीर नहीं मिली है।
इनसे भी चर्चा में रहा
- नवंबर 2025 में गूबा गार्डन और शुक्लागंज की रहने वाली बीबीए की दो छात्राएं घर से सीएसजेएमयू गई थीं लेकिन शाम को दोनों घर नहीं पहुंचीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरे जांचे तो दोनों के बैग सीएसजेएमयू परिसर के अंदर एक पार्क में मिले। 8 दिनों के बाद पटना से सकुशल बरामद कर लिया था।
- कानपुर यूनिवर्सिटी के कैफेटेरिया में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर एलएलबी छात्रा को कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया था।
- कानपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति को जान से मारने की धमकी देने का मामला भी सामने आया था।
- यूनिवर्सिटी में अनुशासनहीनता के मामले में 16 छात्र-छात्राओं को निलंबित और पांच छात्रों को निष्कासित किया गया था।
 |
|