घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़ को समझाते अधिकारी। जागरण
जागरण टीम, औरंगाबाद। जिले के अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबा–देव रोड पर गंगतुआ भटकुर गांव के पास बुधवार शाम दिल दहला देने वाला हादसा हुआ।
सड़क निर्माण सामग्री ढो रही एक तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गई, जिससे झोपड़ी में सो रहीं दो मासूम सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अंबा-देव रोड में गंगतुआ गांव के पास हुई दुर्घटना
मृत बच्चियों की पहचान रामपुर गांव निवासी उदय यादव की छह वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी उर्फ रिद्धि और तीन वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी उर्फ सिद्धी के रूप में हुई है।
बताया गया कि उदय यादव ने पशु और कृषि कार्य से जुड़े सामान रखने के लिए सड़क किनारे अस्थायी झोपड़ी बना रखी थी। हादसे के वक्त दोनों बच्चियां उसी झोपड़ी में सो रही थीं।
घटना के समय झोपड़ी में सो रही थी दोनों बहनें
ग्रामीणों के अनुसार डुमरी से भटकुर मोड़ तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। हाइवा निर्माण सामग्री गिराने के दौरान अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सीधे झोपड़ी पर जा गिरा। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हाइवा के नीचे दबने से दोनों बच्चियों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
करीब आधे घंटे बाद निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन से हाइवा हटाकर शव बाहर निकाले जा सके। घटना की सूचना पर अंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि हाइवा को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दो मासूम बच्चियों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।  |
|