निर्मल यमुना पदयात्रा बुधवार को दक्षिणी दिल्ली पहुंची।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पचनदा से जल पुरुष डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में दिल्ली के लिए निकली 500 किलोमीटर लंबी अविरल निर्मल यमुना पदयात्रा बुधवार को दक्षिणी दिल्ली पहुंची। बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के मीठापुर स्थित बांके बिहारी गार्डन में स्वाभिमान देश संगठन की ओर से पदयात्रा में शामिल जल सहेलियों का स्वागत किया गया। यात्रा मीठापुर, कालिंदीकुंज, सरिता विहार, आश्रम चौक होते हुए राजघाट पहुंचकर पूर्ण होगी।
संजय सिंह ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनरेखा और हमारी सांस्कृतिक विरासत है। यमुना को अविरल और निर्मल बनाने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज की सहभागिता भी बहुत जरूरी है। स्वाभिमान देश संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिधूड़ी ने बताया कि यमुना हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। समाज और सरकार को मिलकर यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने का संकल्प लेना होगा।
वहीं यमुना संसद के संयोजक रविशंकर तिवारी ने कहा कि यमुना संसद के माध्यम से लगातार नदी संरक्षण को लेकर जनसंवाद और जन-आंदोलन चलाया जा रहा है और यह पदयात्रा उसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। जल सहेलियां गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को जल बचाने, वर्षा जल संचयन और नदियों की स्वच्छता के लिए जागरूक कर रही हैं।
इस अवसर पर जल सहेली समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा कुशवाहा, नमो विचार संघ के अध्यक्ष एस राहुल, केशर प्रजापति, लक्ष्मी कुशवाहा, रेखा अहिरवार, गायत्री राजपूत, लक्ष्मी कुशवाहा आदि रहीं।
यह भी पढ़ें- दहेज में 20 लाख रुपये न लाने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार  |