search

राशन कार्ड, फैमिली ID और मच्छरों का मुद्दा हावी, अंबाला में समाधान शिविर में खुलीं समस्याओं की परतें

deltin33 1 hour(s) ago views 801
  
अंबाला में समाधान शिविर में खुलीं समस्याओं की परतें (फाइल फोटो)






जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। समाधान शिविर में इस बार मंच पर भाषण कम और समस्याएं ज्यादा थीं। जिला उपायुक्त कार्यालय में आयोजित शिविर में ज्यादातर शिकायतें मूलभूत जरूरतों से जुड़ी रहीं राशन कार्ड, फैमिली आइडी में आय की गड़बड़ी और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई व मच्छरों की रोकथाम जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

बलदेव नगर की सुदेश रानी की शिकायत थी कि पात्र होने के बावजूद उनका बीपीएल राशन कार्ड नहीं बन पा रहा। उनका कहना है कि कई बार आवेदन देने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। इसी तरह माया देवी ने राशन कार्ड में त्रुटि के कारण मिलने वाले लाभ में दिक्कत आने की बात रखी। दोनों मामलों में नगराधीश अभिषेक गर्ग ने संबंधित विभाग को तत्काल जांच कर पात्रता के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

फैमिली आइडी में आय अधिक दर्ज होने की शिकायत भी सामने आई। लक्ष्मण ने कहा कि वास्तविक आय कम होने के बावजूद रिकार्ड में ज्यादा दिख रही है, जिससे योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा।

इस पर अधिकारियों को दस्तावेजों के आधार पर संशोधन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया। सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायत भी शिविर में उठी। शिवशंकर तिवारी ने कोर्ट परिसर में लिटिगेट शेड और शेडो क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर दवाई के छिड़काव की मांग की। इस पर संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

नगराधीश ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि शिकायतों को विभागों के बीच लंबित रखने के बजाय आपसी समन्वय से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया, ताकि जानकारी के अभाव में समस्याएं पैदा न हों। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर मौके पर ही शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करते हैं। इस शिविर में साफ दिखा कि लोगों की प्राथमिक चिंताएं रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी हैं, पहचान पत्रों में त्रुटि, लाभ से वंचित होना और सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिक्कतें। अब देखना होगा कि इन समस्याओं को तय समय में कितनी राहत मिलती है।   
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477193