search

दिल्ली-NCR में बारिश से राहत, मुंबई में रेड अल ...

deltin55 1970-1-1 05:00:00 views 37

नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर उत्तर से लेकर पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत तक देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत 20 से अधिक राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जहां दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है, वहीं मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।



दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर से पहले हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सोमवार को भी कई इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।




मुंबई में रेड अलर्ट, जनजीवन प्रभावित

मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने, सड़क धंसने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं।
लगातार बारिश के कारण बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने एहतियातन स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी। पश्चिम रेलवे की कई सेवाएं भी पटरियों पर पानी भरने के कारण प्रभावित रहीं।




इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
गुजरात और सौराष्ट्र में 7 जुलाई तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। वहीं ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी तेज बारिश के साथ जलभराव की आशंका जताई गई है। झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




हिमाचल-उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में 6 से 10 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ जिलों में अत्यधिक बारिश और भूस्खलन की आशंका जताई है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी, राजस्थान और मध्य भारत में भी तेज होगा मानसून

उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जुलाई के बीच मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है। हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में 6 से 8 जुलाई के बीच अच्छी बारिश का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 10 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मछुआरों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों के मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही भारी बारिश वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।






National Desk



weather newsWeather UpdateWeather Forecastdelhi weathermonsoon updateDelhi NCR Weather









Next Story
like (0)
deltin55administrator

Post a reply

loginto write comments

Explore interesting content

No related threads available.

deltin55

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

12

Posts

1510K

Credits

administrator

Credits
151677