cy520520 • 2025-10-29 11:36:31 • views 641
105 वर्ष पुराना पुल होगा ध्वस्त।
केशव पांडेय, देसही देवरिया। जनपद के हेतिमपुर नगर में छोटी गंडक नदी पर अंग्रेजों के जमाने में बना 105 वर्ष पुराना पुल अब इतिहास बनने जा रहा है। उसकी जगह पर 23.78 करोड़ की लागत से नया पुल का निर्माण होगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है। पहली किस्त के रूप में 7.13 करोड़ रुपये भी अवमुक्त हो गए हैं। इसके बन जाने से देवरिया-कुशीनगर के लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। जिला प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वर्ष 1919 में अंग्रेजी हुकूमत के दौरान छोटी गंडक नदी पर बना पुल अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। देवरिया व कुशीनगर जिलों की सीमा पर स्थित यह पुल लंबे समय तक दोनों जिलों के आपसी संपर्क का प्रमुख मार्ग रहा है। लगातार हो रहे हादसों और पुल की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इस पर आवागमन पर रोक लगा दी थी।
अब लोग नदी पार करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर बने समानांतर फोरलेन पुल का उपयोग कर रहे हैं। स्थानीय नागरिक लंबे समय से पुराने पुल की जगह नया पुल बनाने की मांग कर रहे थे। आखिर शासन ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
लोक निर्माण विभाग अनुभाग-6 ने राज्य योजना अंतर्गत दीर्घ सेतु निर्माण योजना में हेतिमपुर के पुराने पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके लिए कुल 23 करोड़ 78 लाख 31 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
साथ ही चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में सात करोड़ 13 लाख 49 हजार रुपये अवमुक्त किया है। शासन की ओर से सेतु निगम को कार्यदायी संस्था नामित की गई है। नए पुल के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि हेतिमपुर व आसपास के बाजारों में आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। |
|