cy520520 • 2025-10-30 18:06:55 • views 1264
हिमाचल के सीएम का बिहार में बड़ा एलान
राज्य ब्यूरो, पटना। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐलान किया है कि बिहार में अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो यहां ओल्ड पेंशन योजना लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और राज्य के विकास के लिए यह बदलाव जरूरी है। सुक्खू गुरुवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस में स्थानीय मीडिया से बात कर रहे थे।
सड़क का हाल देखकर बोलने को मजबूर
हिमाचल सीएम ने कहा कि बिहार में 20 साल से नीतीश कुमार की सरकार है इन 20 सालों में राज्य में जो बदलाव देखने चाहिए वह दिखाई नहीं देते हैं। उन्होंने उदाहरण देकर कहा अभी वह एयरपोर्ट से होटल तक आ रहे थे सड़क का हाल देखकर यह बात कहने को मजबूर हुए। फोरलेन सड़कों का अभाव है जहां फोर लेन चाहिए वहां टू लेन हैं विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंने कहा बदलाव हमेशा अच्छे के लिए होता है। हिमाचल में भाजपा विपक्ष में है। हमारी सरकार बनी तो हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू की गई। इसके पहले जिन कर्मचारियों अधिकारियों को 5000-7000 पेंशन मिलती थी। उन्हें आज 30 से 35000 रुपए पेंशन के रूप में प्राप्त हो रहे हैं।
नीतीश कुमार पर हमला
2027 में हमारे यहां चुनाव है हम चाहते तो ओल्ड पेंशन स्कीम चुनाव के पहले भी लागू कर सकते थे परंतु नीतीश कुमार की तरह हमने चुनाव के पहले 10 हजार नहीं बांटे की हमे सत्ता मिल जाए। राहुल गांधी जी की सोच है 136000 कर्मचारी ओल्ड पेंशन स्कीम के तहत लाभ पा रहे हैं।
उन्होंने कहा देश का पहला राज्य हिमाचल है जो दूध पर मिनिमम सपोर्ट प्राइस देता है। 51 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से सरकार दूध खरीदती है। 2 किलोमीटर के बाहर से अगर कोई दूध लेकर आता है तो ₹2 अतिरिक्त किलोमीटर के हिसाब से उसको किराया दिया जाता है।
जनता बदलाव के लिए वोट करे
हमारी सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया हमने जौ और मक्के, हल्दी का मिनिमम सपोर्ट प्राइस घोषित किया। ग्रामीण अर्थव्यवस्था कैसे विकसित होगी हिमाचल प्रदेश में हमने इस पर काम किया है बिहार में ऐसा किया जा सकता था।
सुक्खू ने एक बार फिर दोहराया कि बिहार में जनता बदलाव के लिए वोट करे। प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक अभय दुबे, प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौर के अलावा दूसरे कई नेता उपस्थित रहे। |
|