LHC0088 • 2025-10-30 19:37:47 • views 1033
कमजोर पड़ा चक्रवात, 2 नवंबर तक थम-थम कर बरसेंगे बादल
जागरण संवाददाता, धनबाद। बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात का असर दूसरे दिन भी रहा। सुबह से दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। दोपहर बाद भी बादल आते जाते रहे पर बारिश की गतिविधि थम गई। गुरुवार को भी दिनभर में एक-दो बार तेज हवा के साथ बारिश होगी। दो नवंबर तक थम-थम कर बारिश के आसार हैं। उसके बाद मौसम साफ होगा। बादल छंटते ही पश्चिमी विक्षोभ की सर्द हवाएं ठंड का एहसास कराएगी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मौसम केंद्र रांची से जारी सूचना में बताया कि चक्रवात कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके प्रभाव से गुरुवार को पूरे राज्य में गर्जन के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है। 31 को भी कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ वर्षा होगी। उत्तर पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
मानसून के जानकार डॉ. एसपी यादव का कहना है कि कमजोर पड़ा चक्रवात दो हिस्से में बंट जाएगा। एक हिस्सा झारखंड-बिहार की ओर आएगा जिससे दो नवंबर तक बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है। हालांकि निरंतर बारिश नहीं हाेगी। चक्रवात से छिटके बादल गुजरने के दौरान बारिश कराएंगे। उन बादलों को अगर पश्चिमी विक्षोभ का साथ मिल गया तो तेज बारिश करा सकते हैं। हालांकि यह परिस्थिति पर निर्भर है।
इस सप्ताह 30 डिग्री के नीचे रहेगा तापमान
बारिश की गतिविधि जारी रहने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 30 डिग्री के नीचे रहने का अनुमान है। बादलों की आवाजाही से दिन में तेज धूप का असर नहीं रहेगा। न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
चार दिनों का संभावित तापमान
दिन अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
गुरुवार
28
22
शुक्रवार
28
22
शनिवार
29
21
रविवार
29
21
|
|