search

वृंदावन का नया प्रवेश मार्ग तैयार, यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर तक सड़क का 95% काम पूरा

deltin33 2025-11-9 21:07:47 views 1262
  



जागरण संवाददाता, मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी वृंदावन की तस्वीर अब बदलने जा रही है। करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर तक फोरलेन सड़क परियोजना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अब केवल यमुना पुल एप्रोच रोड और फ्लाईओवर एप्रोच रोड का निर्माण बाकी है। शासन से इस बीच एक और अहम मंजूरी मिल गई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

इस फोरलेन सड़क के दोनों ओर सात-सात मीटर की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और वृंदावन को नया विकास मार्ग मिलेगा। तीन साल पहले शुरू हुई यह 7.278 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना वृंदावन की जीवनरेखा बनने जा रही है। यह मार्ग यमुना एक्सप्रेसवे के कट से पागल बाबा मंदिर (लुटेरिया हनुमान मंदिर) तक बनेगा। परियोजना की कुल लागत लगभग 250 करोड़ रुपये है, जिसमें यमुना पर 545 मीटर लंबे पुल का निर्माण 45 करोड़ रुपये से किया गया है।
धीमी हो गई थी परियोजना

शुरुआती दौर में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अटकने से यह परियोजना धीमी हो गई थी। जुलाई 2024 से अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही थी, जो अब लगभग पूरी हो चुकी है। ढकू और पानीगांव बांगर क्षेत्र की करीब 1.73 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण जिलाधिकारी स्तर से पूरा कराया जा रहा है। अधिग्रहण के साथ ही परियोजना को नई गति मिल गई है। एक तरफ सड़क निर्माण का 95 प्रतिशत कार्य पूरा है। केवल यमुना पुल एप्रोच रोड और फ्लाईओवर एप्रोच रोड का काम बाकी है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक ने इसे आगामी महीनों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। इस बीच शासन से एक और मंजूरी मिल गई है।

अब इस फोरलेन सड़क के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जाएगी। अभी सड़क की कुल चौड़ाई 24 मीटर है। जिसके दोनों तरफ 14 मीटर में दो सर्विस लेन तैयार होंगी। इन सर्विस रोड्स से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि स्थानीय मार्गों को भी सीधा कनेक्शन मिलेगा।

वृंदावन की यह फोरलेन सड़क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि श्रद्धा और विकास के संगम की मिसाल है। शासन की नई मंजूरी और तेजी से बढ़ते निर्माण कार्य के साथ अब वह दिन दूर नहीं जब श्रद्धालु बिना जाम में फंसे एक्सप्रेसवे से सीधे वृंदावन तक फर्राटा भर सकेंगे।
पहला फोरलेन प्रवेश बनेगा

इस सड़क परियोजना के पूर्ण होने से यमुना पार करने वाला वृंदावन का पहला फोरलेन प्रवेश बनेगा। जो न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि मथुरा के विकास, पर्यटन और धार्मिक गौरव को नई रफ्तार देगा। विकास का नया रास्ता वृंदावन में श्रद्धालुओं की संख्या हर सप्ताह और विशेष अवसरों पर लाखों में पहुंच जाती है। अब तक पुराने पुल और संकरी सड़क के कारण यमुना पार जाने में घंटों लग जाते हैं। वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है। नई फोरलेन सड़क से यह स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी।

योजना के तहत नए पुल से वाहनों को वृंदावन की दिशा में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि पुराने पुल से बाहर निकलने का मार्ग रहेगा। इससे ट्रैफिक का दबाव बंट जाएगा और जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी। विकास के नजरिए से बड़ी उपलब्धि यह परियोजना न केवल वृंदावन के लिए, बल्कि पूरे मथुरा जिले के विकास के लिए अहम है।

यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाली यह फोरलेन सड़क पर्यटन, धार्मिक आवागमन और स्थानीय व्यापार के लिए नई ऊर्जा लाएगी। 250 करोड़ रुपये की इस परियोजना के पूरे होने पर वृंदावन का यातायात ढांचा आगरा और नोएडा जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ जाएगा।
क्यों जरूरी है यह सड़क

  • -पुराने पुल और दो लेन मार्ग पर रोज लगता है लंबा जाम
  • -श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को यात्रा में कठिनाई
  • -विशेष आयोजनों में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं वृंदावन
  • -नई फोरलेन से आवागमन होगा सुचारू
  • -सर्विस रोड से स्थानीय यातायात को भी राहत
  • -पर्यटन और व्यापार को मिलेगा नया प्रोत्साहन


फोरलेन सड़क का अधिकांश काम पूरा हो गया है। केवल पुल एप्रोच रोड और फ्लाईओवर एप्रोच रोड का काम शेष है। शासन से सर्विस रोड की स्वीकृति मिल चुकी है। सात-सात मीटर की सर्विस लेन दोनों ओर बनेगी, जिसके लिए नापतौल का कार्य शुरू कर दिया गया है। आगामी महीनों में उक्त सर्विस रोड के लिए जमीन अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक की कार्यवाही पूरी कराई जाएंगी। - गुलवीर सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि निर्माण खंड -1
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
478131