सतीश राघव, सोहना। गुरुग्राम बस स्टैंड से सोहना बस स्टैंड तक शुरू की गई सिटी बस सेवा बंद किए जाने से विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है। इलाके के लोगोें में इसे लेकर रोष बढ़ रहा है। लाेगों ने हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। यदि बस सेवा फिर से शुरू नहीं की गई तो लोग आंदोलन शुरू कर देंगे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वर्ष 2020 के दौरान सोहना के तत्कालीन विधायक व प्रदेश सरकार में खेल राज्यमंत्री रहे संजय सिंह ने गुरुग्राम बस स्टैंड से सोहना बस स्टैंड तक बस सेवा शुरू कराई थी। यही नहीं सोहना से हुडा सिटी सेंटर सहित कई स्थानों के लिए बसें चलती थीं। एक सप्ताह से बिना कोई कारण बताए सेवा बंद कर दी गई। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
खासकर विद्यार्थियों को कॉलेज जाने में परेशानी खड़ी हो गई है। यातायात सुविधा समय पर न मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने बस सुविधा को बंद कर दिए जाने को लेकर चिंता जताई है। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली छात्राओं को भारी परेशानी है।
सिटी बस सेवा बंद कर दिए जाने से क्षेत्र के लोगों ने आक्रोश जताया है। जीएमडीए के अधिकारियों की माने तो मारुति कुंज तक ही सिटी बस सेवा का दायरा है। इस बारे में जीएमडीए के जीएम गोपाल का कहना है कि वर्ष 2020 में सिटी बस सेवा की सुविधा मारुति कुंज से बढ़ाकर सोहना बस स्टैंड तक कर दी गई थी। अब मारुति कुंज तक ही चलाने का आदेश है। ऊपर से जो आदेश होगा, पालना होगी।
क्या कहती हैं क्षेत्र की छात्राएंं
एक सप्ताह से सिटी बस बंद है। कालेज जाने-आने में बहुत परेशानी हो रही है। समय से कालेज नहीं पहुंचने से पढ़ाई बाधित हो रही है। यातायात सुविधा नहीं मिली तो पढ़ाई चौपट हो जाएगी।
- अंजलि, छात्रा
सिटी बस सेवा बंद होने से कालेज जाने में बहुत दिक्कत है। बस स्टैंड पर बस का इंतजार करना पड़ता है। समय पर बस नहीं मिलती। प्राइवेट बस जब तक पूरी तरह नहीं भर जाती तब तक नहीं चलती। इससे कालेज जाने में लेट हो जाती है। सिटी बस सेवा उपलब्ध होनी चाहिए।
- खुशबू, छात्रा
गांव से शहर आने और फिर कालेज जाने के लिए बस स्टैंड पर बस का इंतजार करना पड़ता है। पहले सिटी बस की बेहतर सुविधा थी। थोड़ी-थोड़ी देर में सोहना से गुरुग्राम बस सेवा थी। कुछ दिन पहले बस सेवा बंद हो गई, जिससे परेशानी हो रही है।
- सिया, छात्रा
सिटी बस सेवा बंद होने से यातायात सुविधा के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। कई दिनों से काफी परेशानी बढ़ गई है। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जल्द से सिटी बस सेवा शुरू की जाए।
- वसुंधरा, छात्रा
सिटी बस सेवा बंद होने से उनको समय पर कोचिंग सेंटर पहुंचने में दिक्कत हो रही है। यातायात सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही। जिससे पढ़ाई बाधित हो रही है।
- अनुष्का, छात्रा
क्षेत्र के लोगों की यातायात सुविधा को लेकर सिटी बसें चलाई गई थीं। सुविधा क्यों बंद की गई, इसके लिए अधिकारियों से बात की जाएगी। सिटी बस सुविधा बंद नहीं होने दी जाएगी।
-
- संजय सिंह, पूर्व खेल राज्यमंत्री |
|