स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी पर क्रिकेट फैंस की टकटकी लगने वाली है। इस बार नीलामी में कई दिग्गजों के नाम हैं और देखना दिलचस्प होगा कि फ्रेंचाइजी किस पर दांव लगाएंगी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बता दें कि आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी का आयोजन 16 दिसंबर 2025 को अबुधाबी में होगा। इस बार 77 स्थान भरने के लिए 359 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। मजेदार बात है कि कई दिग्गज खिलाड़ी इस दौरान ऑक्शन में नजर आएंगे, लेकिन इनमें से 5 ऐसे भी हैं, जिन पर शायद फ्रेंचाइजी पैसे खर्च करने से परहेज करेगी।
चलिए जानते हैं कि ऐसे 5 खिलाड़ी कौन से हैं, जिन पर फ्रेंचाइजी एक पैसा खर्च नहीं करना चाहेगी यानी वो रह सकते हैं अनसोल्ड।
1) स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी स्टीव स्मिथ की आईपीएल 2026 नीलामी में बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है। राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान ने आखिरी बार आईपीएल 2021 में शिरकत की थी। तब उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था। स्मिथ टी20 प्रारूप में सक्रिय हैं, लेकिन चार साल से वो आईपीएल में खरीदार को प्रभावित नहीं कर सके हैं। ऐसे में इस साल भी उनका अनसोल्ड रहना तय माना जा रहा है।
2) डेवोन कॉनवे
न्यूजीलैंड के ओपनर डेवोन कॉनवे की बेस प्राइस भी 2 करोड़ रुपये है। पिछले साल चेन्नई सुपरकिंग्स ने मेगा नीलामी में कॉनवे को 6 करोड़ रुपये से अधिक कीमत पर खरीदा था। मगर बाएं हाथ के बल्लेबाज का प्रदर्शन फीका रहा था। इस साल सीएसके ने कॉनवे को रिलीज कर दिया। खराब फॉर्म के कारण कॉनवे राष्ट्रीय टीम से भी जगह गंवा बैठे। ऐसे में उनका अनसोल्ड रहना तय माना जा रहा है।
3) जोश इंग्लिस
ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है। ऐसी खबरें हैं कि इंग्लिस आगामी सीजन में केवल चार मैचों के लिए उपलब्ध हो पाएंगे। इस कारण कोई फ्रेंचाइजी अपना पैसा बर्बाद नहीं करना चाहेगी। तो फिर ऑक्शन में सुनने को मिल सकता है कि जोश इंग्लिस रहे अनसोल्ड।
4) डैरिल मिचेल
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डैरिल मिचेल की कहानी अलग नहीं है। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में आने वाले मिचेल को खरीदार मिलना मुश्किल है। दरअसल, आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपरकिंग्स ने मिचेल को अपने साथ जोड़ा था, लेकिन उनका प्रदर्शन फीका रहा था। यही वजह रही कि आईपीएल 2025 मेगा नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। अब आईपीएल 2026 में भी उनका अनसोल्ड रहना तय नजर आ रहा है।
5) जेसन होल्डर
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर की बेस प्राइस भी 2 करोड़ रुपये है। कैरेबियाई ऑलराउंडर पहले भी आईपीएल में कई फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन पिछले साल मेगा नीलामी में उन्हें खरीदार नहीं मिला। वैसे भी होल्डर वेस्टइंडीज की टी20 टीम के नियमित सदस्य नहीं हैं और वैश्विक स्तर पर टी20 लीग में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के मुताबिक अच्छा नहीं रहा है। ऐसे में कोई फ्रेंचाइजी इस ऑलराउंडर पर दांव लगाने से परहेज कर सकती है।
यह भी पढ़ें- IPL 2026 Auction: आईपीएल नीलामी में सबसे महंगा खिलाड़ी कौन होगा? इन 5 स्टार्स पर होंगी सभी की नजरें
यह भी पढ़ें- IPL 2026 Auction: 359 खिलाड़ी, 77 स्लॉट खाली… ऑक्शन लिस्ट में 9 नए प्लेयर्स की एंट्री; कोहली के चहेते का नाम शामिल