जिले में बढ़ गए 286435 नए मतदाता।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची वृहद पुनरीक्षण 2025 अभियान में जनपद में 286435 नये मतदाता बढ़े हैं। जनपद के 809 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं की संख्या अब कुल बढ़कर 1865870 हो गई है। मतदाताओं की संख्या में कुल 4.95 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2021 में 1777898 मतदाता थे। इसमें से 941713 पुरुष व 836185 महिला मतदाता शामिल थी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पुनरीक्षण में विभिन्न कारणों से 198458 मतदाताओं के नाम काटे गए। साथ ही 286435 नये लोगों के नामों को जोड़ा गया है। इसी प्रकार 34446 मतदाताओं का नाम संशोधन किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि दावे व आपत्तियों के लिए मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर को होगा। छह फरवरी को सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
इस बार मतदाता को स्टेट वोटर नंबर एसवीएन दिया जा रहा है, जो पंचायत चुनाव में उसकी स्थायी पहचान बनेगा। विकास खंड कोन में 104880, छानबे में 245029, जमालपुर में 206905, नरायनपुर में 184155, पटेहरा कला में 109394 और पहाड़ी में 116754 मतदाता हो गए हैं।
वहीं विकास खंड मझवां में 136779, राजगढ़ में 175708, लालगंज में 111011, सीखड़ में 82017, सिटी में 214109 और हलिया में अब 179129 मतदाता हो गए हैं। |