जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गौतमबुद्ध नगर में 4.47 मतदाताओं के नाम कट गए हैं। मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से जारी मतदाता सूची के ड्रॉफ्ट में नोएडा विधानसभा में सबसे अधिक 209050 मतदाताओं के नाम कटे हैं। इनमें अनुपस्थित, शिफ्ट व मृत श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। सबसे अधिक नाम गांव व कॉलोनी में रहने वाले लोगों के कटे हैं।
यह वह लोग हैं जो या तो शिफ्ट हो गए हैं या फिर 2003 का विवरण उपलब्ध नहीं करा सके हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में जिले की तीनों विधानसभा नोएडा, दादरी व जेवर में कुल 1865673 मतदाताओं में से 1418202 ने ही एसआईआर में प्रपत्र जमा किए।
मतदाता सूची का सभी 743 बूथों पर प्रकाशन कर दिया है, जहां वह सूची में अपना नाम चेक कर सकेंगे। नाम शामिल न होने पर छह फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। जिले में 1.76 लाख मतदाताओं ने अपना 2003 का विवरण नहीं दिया है।
जिले में चार नवंबर से एसआईआर शुरू हुआ था। करीब 1868 बीएलओ ने घर घर जाकर फार्म वितरित किए। लोकसभा चुनाव के तहत जिले में कुल 1865673 मतदाता पर सर्वे किया गया। जिला प्रशासन के मुताबिक बीएलओ ने शत प्रतिशत गणना पत्र बांटे, लेकिन कुल 1418202 फार्म का डिजिटाइजेशन यानी जमा हुए।
इनमें 12 लाख से अधिक की मैपिंग हो चुकी, जबकि 1.76 लाख ने अभी तक अपना व परिवार का 2003 का विवरण पेश नहीं किया है। कुल 23.98 प्रतिशत यानी 4.47 लाख मतदाताओं को (अनुपस्थित, शिफ्ट व मृत) श्रेणी में रखा गया है।
इन सभी को मतदाता सूची से बाहर कर दिया है। जिन्होंने अपना 2003 का विवरण नहीं दिया है, ऐसे मतदाताओं को जिला प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे, यह सभी नोटिस चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत जारी होंगे।
जेवर विधानसभा में जमा हुए सबसे अधिक फार्म
जेवर विधानसभा में कुल 367763 मतदाताओं में सबसे अधिक 293499 मतदाताओं ने फार्म जमा किए है, जबकि 19866 ने अपना विवरण पेश नहीं किया। वहीं, सबसे ज्यादा मतदाता वाली विधानसभा नोएडा इस मामले में सबसे पीछे रही।
नोएडा विधानसभा में कुल मतदाता 771082 हैं, इनमें 562032 मतदाताओं ने फार्म जमा किए हैं, जबकि 57504 ने अपना विवरण नहीं दिया है। वहीं, दादरी विधानसभा में कुल 726828 मतदाताओं में से 562671 ने फार्म जमा किए। दादरी विधानसभा में सबसे अधिक 98,858 ने अपना विवरण पेश नहीं किया।
नोएडा में बाहर हुए अधिक मतदाता मतदाता बाहर
नोएडा विधानसभा में करीब 209050 मतदाता (अनुपस्थित, शिफ्ट व मृत) श्रेणी में शामिल हैं। दादरी में 164157 और जेवर में 74264 मतदाताओं के नाम कटे हैं।
नोएडा विधानसभा
- कुल वोटर : 771082
- फार्म जमा : 562032 (72.89 प्रतिशत)
- विवरण दिया : 504528 (65.43)
- विवरण नहीं दिया : 57504 (7.46)
- एएसडी : 209050 (27.11)
दादरी विधानसभा
- कुल वोटर : 726828
- फार्म जमा : 562671 (77.41 प्रतिशत)
- विवरण दिया : 463813 (63.81)
- विवरणनहीं दिया : 98858 (13.6)
- एएसडी : 164157 (22.59)
जेवर विधानसभा
- कुल वोटर : 367763
- फार्म जमा : 293499 (79.81 प्रतिशत)
- विवरण दिया : 273633 (74.40)
- विवरण नहीं दिया : 19866 (5.4)
- एएसडी : 74264 (20.19)
- (एएसडी : अनुपस्थित, शिफ्ट, मृत)
101 मतदान केंद्र व 156 मतदेय स्थल बढ़े
जिले की तीनों विधानसभा में 101 मतदान केंद्र व 156 मतदेय स्थल में बढ़ोतरी हुई है। नोएडा में 196 मतदान केंद्र थे, जो बढ़कर 233, दादरी में 245 से बढ़कर 303 व जेवर में 201 से 207 मतदान केंद्र बढ़े हैं। वहीं मतदेय स्थल नोएडा में 752 से बढ़कर 811, दादरी में 718 से बढ़कर 794 और जेवर में 398 से बढ़कर 419 हो गए हैं। |