deltin33 • 2026-1-9 12:56:47 • views 790
अमृतसर में सुबह के समय ठंड के बीच आगे सेकते लोग।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब में आगामी 15 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह राज्य में कहीं भी महत्वपूर्ण बारिश होने की संभावना नहीं है। विभाग ने बताया कि तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर रातें ठंडी रहेंगी।
फिलहाल मौसम का असर ट्रेनों पर देखने को मिल रहा है। ठंड और धुंध के चलते रेल सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। जालंधर में गुरुवार को कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंच रही हैं। अमृतसर स्वर्ण जयंति शताब्दी एक्सप्रेस (12029) अपने तय समय से लगभग 40 मिनट देरी से चल रही है और दोपहर 12:45 बजे जालंधर पहुंचने की संभावना है।
कोचुवेली-अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12483) करीब 3 घंटे 15 मिनट की देरी से चल रही है, जो बाद दोपहर 3:05 बजे पहुंचेगी। वहीं आम्रपाली एक्सप्रेस (15707) लगभग 4 घंटे 45 मिनट की देरी से चलाई जा रही है और इसके 3:15 बजे पहुंचने का अनुमान है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेट अवश्य जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट की कमेटी से आज किसानों की बैठक, सभी फसलों पर एमएसपी की मांग
अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान
9 जनवरी से 15 जनवरी तक के पूर्वानुमान में अधिकतम तापमान उत्तरी और पूर्वी जिलों में 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर थोड़ा अधिक रहेगा, जिससे दिन में हल्की राहत महसूस हो सकती है।
यह भी पढ़ें- पीयू में हाईटेक सिक्योरिटी सिस्टम, स्मार्ट कार्ड से स्टाफ की एंट्री, स्टूडेंट्स के लिए भी जल्द लागू होगी व्यवस्था
न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी
रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक रहने वाला है। उत्तरी और मध्य जिलों में न्यूनतम तापमान 0 से 2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि राज्य के शेष हिस्सों में यह 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। विभाग ने कहा कि कुछ पूर्वी क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, जिसके कारण सुबह-शाम शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
यह भी पढ़ें- तेंदुए की खाल बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कई राज्यों में फैला था धंधा; अब CBI करेगी जांच |
|