search

भीषण ठंड में ठिठुरा उत्तर भारत, पंजाब में पारा गिरकर 1.1 डिग्री; दिल्ली में दो दिन का यलो अलर्ट जारी

Chikheang 2026-1-11 05:26:25 views 757
  

दिल्ली में दो दिन का यलो अलर्ट जारी (फोटो- एएनआई)



जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में शनिवार का दिन बेहद ठंडा रहा और भीषण ठंड में लोग ठिठुरते नजर आए। कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों से तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है और दिल्ली में इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह रिकार्ड की गई।

पंजाब के होशियारपुर में न्यूनतम तापमान राज्य में सबसे कम 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान इतना नीचे आया है।

पंजाब के अन्य शहर भी भीषण ठंड की चपेट में रहे। अमृतसर का न्यूनतम तापमान 1.3, फरीदकोट व गुरदासपुर का 3.2, बठिंडा का 3.4, राजधानी चंडीगढ़ का 4, पटियाला का 4.4, रूपनगर का 4.5 तथा लुधियाना का 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को सुबह घनी धुंध पड़ी। कुछ जिलों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। कुछ जिलों में शीत दिन जैसी स्थिति बन सकती है। शीत दिन की स्थिति तब बनती है जब अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम हो जाता है।  

मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार जम्मू कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के ऊपरी भागों में बर्फबारी की वजह से राज्य के कई जिले अति शीतलहर की चपेट में हैं।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री

दिल्ली में शनिवार की सुबह इस सीजन की सबसे सर्द रही। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट को देखते हुए दो दिनों का यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बार सर्दी के मौसम का यह अभी तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

बीते चार दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आइजीआइ एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े सात बजे घने कोहरे के चलते दृश्यता का स्तर 50 मीटर तक पहुंच गया। साढ़े आठ बजे तक कोहरा थोड़ा कम हुआ और दृश्यता का स्तर सुधरकर 100 मीटर तक पहुंच गया।
उत्तराखंड में सूखी ठंड

उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक वर्षा-बर्फबारी के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। शुष्क मौसम के बीच पूरा प्रदेश सूखी ठंड से जूझ रहा है। पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी है। न्यूनतम तापमान में कमी आने से सुबह-शाम कड़ाके की ठंड बेहाल कर रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शीतलहर की चपेट में हरियाणा

उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के प्रभाव से हरियाणा कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में आ गया है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। शुक्रवार-शनिवार की रात महेंद्रगढ़ में 1.6 डिग्री तापमान के साथ सीजन की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के अनुसार मेवात और अंबाला को छोड़कर शेष सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
राजस्थान के 26 जिलों में सोमवार तक अवकाश

राजस्थान में भी शीतलहर के बीच गलन भरी सर्दी और तापमान में लगातार गिरावट से लोग परेशान हैं। प्रदेश के 26 जिलों में सोमवार तक अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को भी एक दर्जन जिलों में शीतलहर चलने का आशंका जताई है। शुक्रवार रात प्रदेश के जैसलमेर में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सीकर में रात का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
168198