search

कड़ाके की ठंड से कांप उठा NCR... पाला गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त; -0.6 डिग्री तक लुढ़का पारा

Chikheang 2026-1-12 10:27:26 views 1209
  

दिल्ली-NCR में सर्दी का सितम।



जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली समेत एनसीआर के कई जिलों में पाला गिरने की वजह से न्यूनतम तापमान गिरकर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

सुबह के वक्त खेतों, पेड़ों, वाहनों और पाइपों पर जमी सफेद परत साफ दिख रही है। ठंडी हवाओं और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित है, जबकि प्रशासन ने नागरिकों और किसानों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
रेवाड़ी: पहली बार पाला, पाइपों पर जमी पाले की परत

रेवाड़ी जिले में इस सीजन का पहला पाला पड़ा है। रविवार को न्यूनतम तापमान –0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोमवार को भी हालात जस के तस रहे। काली पाइपों पर सफेद पाला जमने से ठंड का असर साफ दिखाई दिया।

  

Pic- काली पाइप पर पाला की सफेद परत।

हालांकि सुबह जल्दी धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की राहत मिल सकती है, फिर भी कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित रखा। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सुरक्षा देने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- ठिठुरती दिल्ली और लुढ़कता तापमान… 2 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, भयंकर कोहरे ने रोकी रफ्तार; AQI भी बेहद खराब
फरीदाबाद: पाले से गेहूं को फायदा, सरसों–सब्जियों को खतरा

फरीदाबाद में सोमवार सुबह सबसे ज्यादा पाला देखा गया। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, गेहूं की फसल के लिए पाला फायदेमंद माना जा रहा है, क्योंकि यह फसल की बढ़वार को संतुलित करता है और फुटाव बढ़ाता है। इस समय गेहूं में दूसरा और तीसरा पानी चल रहा है। लेकिन सरसों, आलू, मटर, मूली जैसी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

  

कृषि विज्ञानी डॉ. आनंद कुमार ने किसानों को सलाह दी है—

  • हल्की सिंचाई करें।
  • सब्जी की पौध को फूस या कपड़े से ढकें।
  • खेतों के पास धुआं करें ताकि पाला न जमे।
  • पिछले तीन दिनों से हल्का पाला पड़ रहा था, लेकिन सोमवार को इसकी मात्रा सबसे अधिक रही।

महेंद्रगढ़: कनीना क्षेत्र में पाले की मोटी परत

महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र में खेतों में पाला मोटी परत के रूप में जमा दिखाई दिया। गेहूं की फसल सफेद चादर जैसे पाले से ढकी मिली। किसान फसल की स्थिति को लेकर चिंतित नज़र आए। ठंडी हवाओं और लगातार गिरते तापमान ने क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति पैदा कर दी है।

यह भी पढ़ें- उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट, बर्फीली ठंड से कांपे कई राज्य; कैसा रहेगा आज का मौसम?

  

  
दिल्ली: लोधी रोड सबसे ठंडा, तापमान 3.0°

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान कई दिनों से लगातार नीचे जा रहा है। 12 जनवरी 2026 की सुबह दर्ज हुए तापमान इस प्रकार हैं—

  • लोधी रोड — 3.0°C (सबसे ठंडा)
  • सफदरजंग — 3.2°C
  • आयानगर — 3.2°C
  • पालम — 3.3°C
  • रिज — 4.2°C


यह भी पढ़ें- NCR के इस शहर में पारा पहुंचा 1.6 डिग्री, सूखे पाले से कांप उठे लोग; ऑरेंज अलर्ट जारी

पूरी दिल्ली में सुबह के समय ठंड और कोहरा अपने चरम पर है। दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

  

Pic- खेत में पाला पड़ने पर गेहूं की स्थिति देखते कालाका के किसान। जागरण
हापुड़: पांच सालों की सबसे कड़ाके की ठंड

हापुड़ में इस बार पाला गिरने के कारण न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, यह पिछले पांच सालों में सबसे कम दर्ज तापमान है। लगातार पाला गिरने से सब्जी की फसलों में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। लोग अलाव का सहारा लेकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

  
गाजियाबाद: रिकॉर्डतोड़ ठंड

गाजियाबाद में सोमवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय कोहरा और ठंड का प्रभाव अधिक था, जबकि दोपहर में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।

  
पलवल: जारी है सर्दी का सितम

पलवल में ठंड का असर जारी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाएं और पाला गिरने के चलते कई क्षेत्रों में फसलों पर असर देखने को मिला है। किसान खेतों में पानी चलाकर फसल बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

  

यह भी पढ़ें- ठिठुरती दिल्ली और लुढ़कता तापमान… 2 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, भयंकर कोहरे ने रोकी रफ्तार; AQI भी बेहद खराब
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
168381