LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 648
परसा गांव में घटना स्थल पर जांच करते सीओ कुंदन सिंह (बीच में)। जागरण
संवाद सूत्र, अहिरौलीबाजार (कुशीनगर)। मां की डांट से नाराज नशेड़ी युवक ने क्रूरता की सीमा पार करते हुए मां व बचाने आई पत्नी की ईंट से सिर कूचकर नृशंस हत्या कर दी। इसके बाद छत पर ही शव के समीप बैठा रहा। चीख पुकार सुनकर अगल-बगल के लोग पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर आरोपित उन पर मांस के लोथड़े फेंकने लगा तो खुद उसे खाने लगा।
पुलिस आई तो छत के एक कोने में छिपकर बैठ गया। धमकी देने लगा कि कूदकर जान दे दूंगा। पीछे से बांस की सीढ़ी के सहारे चढ़े पुलिस कर्मियों ने पकड़ा और उसे थाने ले गए। एसएपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ कुंदन कुमार सिंह ने ग्रामीणों से जानकारी ली। फाेरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। यह जघन्य घटना अहिरौली बाजार थाना के गांव परसा में सोमवार की सुबह आठ बजे हुई। बहन प्रतिमा की तहरीर पर उसके विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय सिकंदर गुप्ता नशे का आदी है। रविवार को पत्नी के साथ देवरिया के गौरीबाजार थाना के सौरा ग्रामीण ससुराल गया था। लौटते समय किसी बात को लेकर हाटा में पत्नी को पीटने लगा। आसपास के लोगों ने समझा कर घर भेजा। घर आते ही वह आठ किमी दूर लक्ष्मीपुर गांव चला गया। एक घर के दरवाजे पर पीटने व आवाज देने लगा। इस बीच उसका ममेरा साला सोनू पहुंचा, बहन के घर पहुंचाया।
विवाद न करने को समझाया और वापस घर लौट गया। देर शाम मां रूना देवी ने नशा करने व विवाद करने को लेकर डांटा फटकारा। इससे वह नाराज हो गया। 28 वर्षीय पत्नी प्रियंका से कहासुनी की। रात में बिना खाए ही सो गया। सोमवार सुबह सिकंदर गुमसुम कमरे में बैठा रहा। प्रियंका खाना पकाने चली गईं। रूना देवी छत पर धूप ले रहीं थीं। इसी बीच वह छत पर गया और वहां रखी ईंट से मां का सिर कूचकर मार डाला। चीख सुनकर पहुंचीं पत्नी की भी सिर कूचकर हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिर से निकले मांस के लोथड़ों को वह फेंकने लगा। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष प्रविंद्र राय पुलिस टीम के साथ पहुंचे। फाेरेंसिक टीम खून से सनी ईंट को कब्जे में लेते हुए जरूरी साक्ष्य इकट्ठा की। एएसपी ने बताया कि आरोपित के परिवार में तीन ही सदस्य थे। उससे बड़ी चार बहनों की पिता ने पहले ही शादी कर दी थी।
छह वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में हुई थी पिता की मृत्यु
सिकंदर के पिता बनवारी गुप्ता की छह वर्ष पूर्व कप्तानगंज कस्बे में मार्ग दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। परिवार की जिम्मेदारी सिकंदर पर आ गई। उसके नाम से पांच कट्ठा भूमि है। शादी के बाद वह दो बार सऊदी रोजगार के लिए गया था। वह वर्तमान में मुंबई में मजदूरी करता था। एक माह पूर्व ही घर आया था। कुछ वर्षों से उसको शराब व गांजा की लत पड़ी थी। इसी लेकर आए दिन पत्नी व मां से विवाद होता रहता था। शादी के पांच वर्ष बाद भी उसको कोई संतान नहीं थी। |
|