search

कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने पूर्व मंत्री को किया नमन, बोले—गरीबों और किसानों की बुलंद आवाज थे ‘राम नगीना बाबू’

deltin33 2026-1-15 12:57:36 views 700
  

कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने पूर्व मंत्री को किया नमन



संवाद सूत्र, मनेर(पटना)। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ समाजवादी नेता शहीद राम नगीना सिंह की 42वीं पुण्यतिथि गुरुवार को मनेर पड़ाव तथा रामनगीना सिंह कॉलेज परिसर स्थित उनके स्मारक पर भावपूर्ण माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वर्गीय राम नगीना सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।

कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राम नगीना बाबू केवल एक नेता नहीं, बल्कि गरीबों, किसानों और वंचित तबकों की सशक्त आवाज थे।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सिंह ने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।

मंत्री ने कहा कि बिहार की राजनीति में उनकी कमी आज भी खलती है, लेकिन उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम में स्वर्गीय राम नगीना सिंह की धर्मपत्नी और पूर्व विधायक राजमती देवी ने भावुक होते हुए अपने पति को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके संघर्षों और जनता के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि राम नगीना सिंह ने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति की और कभी भी समझौता नहीं किया।

वहीं, उनके पुत्र और पूर्व विधायक श्रीकांत निराला ने कहा कि वे अपने पिता के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलते हुए जनसेवा को ही अपना लक्ष्य बनाए रखेंगे।

श्रद्धांजलि सभा में हजारों की संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर ‘राम नगीना सिंह अमर रहें’ के गगनभेदी नारे गूंजते रहे।

उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें सच्चा जननेता बताया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भी स्वर्गीय राम नगीना सिंह के सामाजिक और राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर नगर सभापति विद्याधर विनोद, पूर्व मुखिया शैलेश कुमार, ई. मिथलेश कुमार, आशुतोष कुमार, अमोल बजाज, सत्यजीत राज, प्रशांत निराला, धर्मेंद्र यादव, रवि रौशन पाठक, राजीव रंजन सिंह, बैजनाथ कुमार, चंद्रभूषण मंडल, त्रिलोकी मुखिया, मैनेजर सिंह, विकास कुमार, संजीव कुमार, विनय सिंह, उपेंद्र यादव, आसिफ अहमद, राहुल कुमार (गोलु), अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।

समूचा माहौल श्रद्धा, सम्मान और स्मृतियों से भरा रहा, जहां हर आंख नम थी और हर दिल में राम नगीना सिंह के लिए आदर का भाव साफ झलक रहा था।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477493