पार्टी ने दावा किया है कि कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। नगर निगम चुनाव की आहट के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) ने पंचकूला में वार्ड वाइस और मेयर पद के लिए उम्मीदवारों की तलाश तेज कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कई वार्डों में आम आदमी पार्टी दूसरी राजनीतिक पार्टियों के मजबूत दावेदारों से भी संपर्क में है। इसके अलावा कुछ पूर्व पार्षदों से भी पार्टी के जिला स्तरीय नेता लगातार संवाद बनाए हुए हैं।
आम आदमी पार्टी का लक्ष्य आगामी नगर निगम चुनाव में पंचकूला में अपना खाता खोलना है। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है। पार्टी न केवल वार्ड स्तर पर बल्कि मेयर पद के लिए भी एक मजबूत और प्रभावी उम्मीदवार की तलाश में जुटी हुई है।
संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से वार्ड वाइज बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।
पार्टी नेताओं का दावा है कि नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी हर वार्ड और मेयर पद पर अपने मजबूत उम्मीदवार उतारेगी, जिससे चुनावी मुकाबला तिकोना होगा। पिछले पांच वर्षों में पंचकूला में विकास के नाम पर कुछ खास नहीं हुआ है। |
|