deltin33 • 2026-1-26 14:27:00 • views 1009
77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गांव की गलियों से लेकर शहर की सड़कों तक तिरंगा शान से लहराता रहा। सुबह से ही सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रभक्ति का उत्साह दिखाई दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। इसके बाद सभी सरकारी कार्यालयों में विभागाध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
गैर सरकारी भवनों पर भी सुबह 10 बजे तिरंगा फहराया गया। पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। सुबह 9.15 बजे परेड ने फाल इन किया। 9.25 बजे पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन का आगमन हुआ, जबकि साढ़े नौ बजे मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पहुंचे।
इसके बाद विधिवत ध्वजारोहण हुआ और राष्ट्रगान की गूंज से वातावरण भाव विभोर हो गया। ध्वजारोहण के बाद पुलिस लाइन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया।
हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंजता रहा। जनपद के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।
विद्यार्थियों ने प्रभात फेरियां निकालीं, देशभक्ति गीत गाए और संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला। कहीं बच्चों के हाथों में तिरंगा था तो कहीं आंखों में देश के लिए कुछ कर गुजरने का सपना। |
|