search

महराजगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक मासूम और 4 महिलाओं को कुचला, थप्पड़ मारकर फरार हुआ चालक

cy520520 2026-1-26 19:56:39 views 1012
  

बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बैकुंठी घाट पर चार महिलाओं व एक मासूम को कुचला।



संवाद सूत्र, घुघली (महराजगंज)। घाट पर बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को लापरवाहीपूर्वक पीछे कर रहे चालक ने नदी में स्नान करने जा रही महिलाओं को चपेट में ले लिया। इस हादसे में चार महिलाएं और एक दो वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके पैर टूट गए हैं।

एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना घुघली नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 नारंग नगर की है। यहां की निवासी बुजुर्ग चंपा देवी का 10 दिन पूर्व निधन हो गया था।

सोमवार को उनके दशगात्र के अवसर पर परिवार की लगभग एक दर्जन महिलाएं पैदल छोटी गंडक नदी के बैकुंठी घाट पर स्नान के लिए जा रही थीं। इसी दौरान घाट के पास बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक ने अचानक पीछे किया, जिससे महिलाएं और मासूम उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में नारंग नगर निवासी वंदना देवी (48), अलका देवी (25), शशिकला (35), सरोज देवी (42) तथा दो वर्षीय शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं और मासूम की चीख-पुकार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जब साथ की महिलाओं ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने एक महिला को थप्पड़ मार दिया और फरार हो गया।

  

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सरोज देवी का पैर प्लास्टर कराकर घर भेज दिया गया है।

वंदना देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। अलका देवी, शशिकला और मासूम शिवांश का इलाज महराजगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बैकुंठी घाट क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू ढुलाई बेखौफ जारी है, जिस पर प्रशासन की अनदेखी के चलते इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

सूचना पर पहुंची घुघली पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और हरसंभव सरकारी सहायता व न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164725