काबड़ी रोड पर वेस्ट कपड़े के गोदाम में आग (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, पानीपत। काबड़ी रोड स्थित शक्ति नगर में बुधवार सुबह एक वेस्ट कपड़े (वेस्टेज) के गोदाम में आग लग गई। वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। रिहायशी इलाका होने के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे।
आगजनी की तुरंत सूचना कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद मौके पर आग को बुझाने का काम शुरू किया।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह गोदाम के भीतर शार्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारियों ने सूखे कपड़ों के ढेर को पकड़ लिया। चंद ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। रिहायशी क्षेत्र में गोदाम होने की वजह से लपटें पास के घरों तक पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर और किसी भी जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए पुलिस ने गोदाम के सटे हुए घरों को खाली करवाया। भारी भीड़ को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची। शक्ति नगर की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को गोदाम तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ रही है। |
|