खेतावास में शादी के बाद खूनी संघर्ष, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़।
जागरण संवाददाता, झज्जर। खेतावास गांव में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त काफूर हो गई, जब दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस झगड़े में दो महिलाओं सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पीड़ित पक्ष बुधवार को न्याय की गुहार लेकर लघु सचिवालय में डीसीपी से मिलने पहुंचा। कुंडल गांव निवासी सलमान अपने साले अनोद नाथ की शादी में शामिल होने खेतावास आया था। मंगलवार शाम मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित पक्ष ने सलमान के मामा के घर में घुसकर हमला कर दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि घर में खड़ी बाइक और अन्य कीमती सामान भी तोड़ दिया। इस हमले में सलमान, अजय, राखी और शौकीना घायल हुए हैं।
घायलों ने बताया कि उन्होंने घटना के समय 112 नंबर पर कॉल की थी और बाद में छुछकवास चौकी भी गए, लेकिन वहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से क्षुब्ध होकर वे डीसीपी से मिलने पहुंचे। |