तीन बदमाश गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, सिवान। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर बाइपास से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन बदमाशों को एक कट्टा, दो गोली व तीन मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश फरार होने में सफल रहे। सभी बदमाश शराब की गाड़ी को लूटकर बाहर ले जाकर बिक्री करने की योजना बना रहे थे तभी पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार जीरादेई थाना क्षेत्र के ठेपहा निवासी विशाल शर्मा, मैरवा थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी रविरंजन पटेल व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामापाली निवासी नीतीश कुमार है। गिरफ्तार विशाल शर्मा कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया है। पुलिस ने तीनों को पूछताछ के बाद जेल भेजा दिया।
तीन व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूम रहे थे
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि मुफ्फसिल थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि छोटपुर बाइपास के पास सड़क किनारे तीन व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। गाड़ी की रोशनी पर सड़क किनारे छिप रहे हैं, देखने से प्रतीत हो रहा है कि किसी आपराधिक योजना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना पर पुलिस गश्त वाहन की इमरजेंसी लाइट को बंद कर टीम छोटपुर बाइपास तिनमुहानी के पास जैसे ही पहुंची तो देखा कि वाहन के रोशनी को देखकर तीन व्यक्ति रोड किनारे चले गए और पुलिस वाहन को देखा भागने का प्रयास करने लगा।
दो व्यक्ति चकमा देकर भागने में सफल
वाहन को रोक कर बल की मदद से भाग रहे तीन युवकों को पकड़ लिया गया एवं दो व्यक्ति चकमा देकर भागने में सफल हो गए। तीनों की बारी-बारी से तलाशी लेने पर विशाल शर्मा के पास कमरी की बांई तरफ से एक कट्टा, पेंट के जेब में एक गोली तथा एक एक मोबाइल बरामद हुआ।
वहीं रविरंजन पटेल एवं नीतीश कुमार के पास से एक-एक मोबाइल बरामद हुआ। पकड़ाये तीनों युवकों से पूछताछ करने पर विशाल शर्मा द्वारा बताया गया कि मैरवा थाना से हत्या के केस में जेल गया था। कुछ दिन पूर्व जेल से बाहर आया था तो आर्थिक तंगी होने लगी इस कारण रविरंजन पटेल एवं नीतीश कुमार से संपर्क हुआ तो शराब की गाड़ी लूटने की योजना बनी।
शराब की गाड़ी गुजरने वाली थी
दोनों ने बताया कि छोटपुर बाइपास तीनमुहानी से होकर रात्रि में शराब की गाड़ी गुजरने वाली है जिसे हमलोगों लूट कर बाहर ले जाकर बिक्री कर देंगे। बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त विशाल शर्मा का आपराधिक इतिहास है। इस पर जीरादेई थाना कांड संख्या-272/15, मैरवा थाना कांड संख्या-136/25 दर्ज है। |
|