घटनास्थल पर पड़ा चाकू और घेरा गया स्थान। जागरण
संवाद सूत्र, कटेया (गोपालगंज)। थाना क्षेत्र के रैपुरा गांव में रविवार को जदयू पंचायत अध्यक्ष पीतांबर शर्मा पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। हमलावर ने ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीतांबर शर्मा के शरीर पर एक दर्जन से अधिक चाकू के घाव पाए गए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
दोनों पक्षों ने थाने में दिया था आवेदन
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को पीतांबर शर्मा के पुत्र और गांव के एक युवक के बीच 30 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था।
इस विवाद के बाद दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन भी दिया था। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर रविवार को युवक ने पीतांबर शर्मा पर चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
(पीतांबर शर्मा का चल रहा उपचार।) |
|