युवक का ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा लगवाने का झांसा देकर साढ़े सात लाख रुपये ठगे।
संवाद सहयोगी, छछरौली। युवक का ऑस्ट्रेलिया का वर्क वीजा लगवाने का झांसा देकर साढ़े सात लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप अंबाला के गांव नोहनी निवासी रमनदीप सिंह व उसकी पत्नी प्रविंद्र कौर पर लगा है।
आरोपितों ने उसका वीजा लगवाने व नौकरी दिलवाने का झांसा देकर ठगी की। बाद में आरोपित ने न तो रुपये दिए और न ही विदेश भेजा। छछरौली थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है।
बलाचौर निवासी कर्मवीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश में जाकर नौकरी करना चाहता था। इसके लिए अपने एक दोस्त के माध्यम से अंबाला के गांव नोहनी निवासी रमनदीप का पता लगा। वह लोगों को विदेश भिजवाने का कार्य करता था।
आरोपित से बातचीत की तो उसने बताया कि उसकी बहन व जीजा आस्ट्रेलिया में पीआर है। स्वयं भी वह परिवार सहित आस्ट्रेलिया में पीआर है। आरोपित ने विदेश भिजवाकर सैटल कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए 20 लाख रुपये का खर्च बताया। आरोपित ने कहा कि उसकी बहन जसनीत कौर व जीजा गुरप्रीत सिंह वहां पर ड्राइविंग का कार्य दिला देंगे।
आरोपित ने यह भी आश्वासन दिया था कि पूरी रकम वीजा मिलने के बाद देनी होगी। उसकी बातों में आकर तैयार हो गया। 25 मई 2025 को आरोपित यहां गांव में आकर मिला। उसने कहा कि वीजा के कार्य के लिए रुपयों की जरूरत पड़ रही है। उसने दो लाख रुपये मांगे। यह रुपये आरोपित की पत्नी प्रविंद्र कौर के खाते में भिजवाएं। इसके बाद वह अलग-अलग खर्च बताकर रुपये लेता रहा।
आरोपित ने कहा था कि यह रुपये उसके वीजा के लिए तय की गई रकम से कम कर देंगे। इस तरह से आरोपित ने साढ़े सात लाख रुपये ले लिए। बाद में आरोपित रमनदीप से संपर्क नहीं हुआ। इस दौरान पता लगा कि आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी पांवटा साहिब में इसी तरह से धोखाधड़ी का केस दर्ज है। |
|