संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग महिला की मौत।
संवाद सूत्र, श्रृंगीनारी (बस्ती)। ग्राम पंचायत हरिगांव में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। उसका शव घर के बाहर मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। महिला के पेट व सीने पर घाव के निशान पाए गए हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने महिला के हत्या की आशंका जताई है।
हरिगांव निवासी 72 वर्षीय केवला देवी पत्नी मालिकराम अपने घर पर अकेली रहती थीं। उनकी दो बेटियां हैं जिनका विवाह एक दशक पूर्व हो चुका है। उनके पति का भी निधन हो चुका है। उसके नाम से करीब चार बीघा जमीन है। मृतका के अलावा घर पर कोई अन्य नहीं रहता था।
रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीणों ने उनका शव खून से लतपथ घर के बाहर देखा तो स्तब्ध रह गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतका के मुंह और नाक से होते हुए खून शरीर पर फैला था।
शरीर पर घाव के निशान भी मिले हैं। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत व थानाध्यक्ष परशुरामपुर विश्वमोहन राय और फोरेंसिक टीम घटना स्थल से साक्ष्य संकलित किया।
सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला का शव मिलने की सूचना पर परशुरामपुर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर गई थी। उन्होंने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
आस पास के लोगों से बातचीत कर संदिग्धों को चिह्नित किया जा रहा है। मृतका के स्वजन से भी बातचीत हो गई है। उनसे तहरीर मांगी गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। |
|