LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 414
जागरण संवाददाता, मेरठ। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। हाईस्कूल की गृह विज्ञान विषय की परीक्षा आगामी 21 फरवरी को सुबह की पाली में होगी। जिले के राजकीय इंटर कालेज नानू मेरठ की गृह विज्ञान विषय की सहायक अध्यापिका, सोनल शर्मा ने परीक्षा की अच्छी तैयारी एवं अच्छे अंक लाने के लिए परीक्षार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
शिक्षिका सोनल शर्मा का कहना है कि गृह विज्ञान स्कोरिंग विषय है। गृह विज्ञान में अच्छे अंक लाने के लिए परीक्षार्थियों को स्मार्ट रणनीति एवं नियमित अभ्यास दोनों की जरूरत है। उनका कहना है कि नीचे लिखे सुझावों पर अमल करके परीक्षार्थी गृह विज्ञान विषय की परीक्षा में 85 से 95 प्लस स्कोर तक ला सके हैं।
सिलेबस और ब्लूप्रिंट को समझें
हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए सबसे पहले परीक्षार्थियों को सिलेबस और ब्लूप्रिंट को समझना होगा। इसके लिए परीक्षार्थी सबसे पहले पूरा नवीनतम सिलेबस देखें। ताकि सिलेबस एवं सवालों को लेकर कोई भ्रम की स्थिति न रहे। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं में पिछले सालों में आए प्रश्नपत्रों को हल भी कर लें।
ऐसा करने से आपको परीक्षा के महत्वपूर्ण सवालों के बारे में भी जानकारी मिल जाएगी। यूपीएमएसपी वेबसाइट से माडल पेपर डाउनलोड करके परीक्षा तक दैनिक अभ्यास करें। उच्च भार वाले खंड जैसे भोजन पोषण और स्वास्थ्य पर प्राथमिकता से ध्यान दें।
समयबद्ध तरीके से हल करें
गृह विज्ञान विषय की परीक्षा में सावधानी और समयबद्ध तरीके से परीक्षार्थियों को सवाल हल करने हैं। उत्तर हेडिंग से लिखें और रिवीजन करें। कई जगह से पढ़ने के बजाय अब तक जिस नोट्स अथवा बुक से तैयारी की है, उसको को ही परीक्षा के अंतिम दिनों में दोहराएं।
परीक्षा कक्ष में पहले आसान प्रश्नों को हल करें
गृह विज्ञान की परीक्षा में परीक्षार्थियों को अपनी रणनीति बनाकर चलना है। परीक्षा कक्ष में पेपर मिलते ही 5-10 मिनट पढ़ें। आसान प्रश्न पहले करें। ताकि आपके अंदर परीक्षा को लेकर आत्मविश्वास आ जाए।
जहां जरूरी हो, वहां डायग्राम बनाएं
परीक्षा कक्ष में उत्तर पुस्तिका साफ-सुथरी रखें। डायग्राम जहां जरूरी हो, वहीं बनाएं। यदि संभव हो तो छोटा सा चार्ट एवं तालिका बनाएं।उदाहरण अवश्य दें। जिन अध्यायों से ज्यादा अंकों के प्रश्न आते हैं। उन्हें चिन्हित करें। दो, चार और छह अंक के प्रश्नों की तैयारी अलग-अलग से करें।
परीक्षा के हिसाब से महत्वपूर्ण यूनिट्स
आहार और पोषण में विटामिन, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, खनिज–स्रोत कमी रोग को तैयार करें। संतुलित आहार का चार्ट भी बनाने का अभ्यास करें। पोषण की कमी से होने वाले रोग (जैसे एनीमिया, रतौंधी) से भी परीक्षा में पूछे जाते हैं। टेबल बनाकर याद करें। पोषक तत्व, कार्य स्रोत तथा कमी रोग परीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। नाप लेने की विधि, पैजामा, ब्लाउज, फ्राक के आवश्यक नाप, कच्चे रंग के कपड़े धोते समय क्या सावधानी बरतनी चाहिए तथा सिलाई मशीन के भाग भी परीक्षा में अक्सर पूछे जाते हैं।
यहां से डाउनलोड करें यूपी बोर्ड 10 वीं गृह विज्ञान का मॉडल पेपर Model paper.pdf
डायग्राम बनाने का खूब करें अभ्यास
शिक्षिका सोनल शर्मा का कहना है कि परीक्षा के लिए डायग्राम बनाने का खूब अभ्यास करें। इससे एक या दो अंक अतिरिक्त मिल सकते हैं। गृह प्रबंधन एवं स्वच्छता, कठोर जल का कारण, घर की सफाई की विधियां, प्राथमिक उपचार, आग से सुरक्षा और यातायात के नियमों का चार्ट बनाकर भी परीक्षार्थी जरूर रिवीजन करें।
उत्तर लिखने की सही विधि अपनाएं
छोटे प्रश्न को बिल्कुल न छोड़ें। ये पूरे अंक दिलाते हैं। महत्वपूर्ण परिभाषाएं रटने के बजाय समझकर लिखें। परीक्षा में समय प्रबंधन रखें।
अगर आप चाहें तो महत्वपूर्ण प्रश्नों की सूची या संक्षिप्त नोट्स (आहार एवं पोषण एवं सिलाई कला) भी बना सकते हैं।
कल देखें: यूपी बोर्ड 10 वीं का गणित विषय का मॉडल पेपर और आंसर की |
|