search

Ratlam: गुम हुआ गहनों से भरा बैग, तो महिला को मंदिर बुलाकर किया किडनैप, पुलिस ने 24 घंटे में छुड़ाया, दो गिरफ्तार

cy520520 3 hour(s) ago views 453
  

पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपित।  



डिजिटल डेस्क, इंदौर। रतलाम जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी से भरे बैग के विवाद ने अपहरण की सनसनीखेज वारदात का रूप ले लिया। 12 फरवरी को जोगणिया माता मंदिर से एक महिला का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक पुरुष और एक महिला अभी फरार हैं।

थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया के अनुसार, फरियादी मनोहर सिंह ने 13 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी राखी-धागे की बहन ललिता बाई गुर्जर (निवासी आलोट) को जेवर से भरे बैग के लेनदेन को लेकर विवाद में मंदिर बुलाया गया था। आरोप है कि मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटिया निवासी अनिल सुथार और भगवान सिंह सोंधिया राजपूत तथा राजस्थान के झालावाड़ जिले के चांदखेड़ी गुराड़िया निवासी नैनसिंह सोंधिया राजपूत ने उसे वहां बुलाया।
मंदिर से जबरन कार में बैठाकर ले गए

मंदिर परिसर में महिला से बैग के बारे में पूछताछ की गई और कथित तौर पर कसम भी दिलाई गई। महिला द्वारा बैग की जानकारी से इंकार करने पर आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए। बाद में महिला के मोबाइल फोन से परिजनों को कॉल कर बैग विवाद सुलझाने की बात कही गई।

यह भी पढ़ें- MP में अनोखा चोर गिरफ्तार... 15 वर्षों से सिर्फ पुलिसवालों के घरों में कर रहा था चोरी, बेफिक्री का फायदा उठाकर लगाता रहा सेंध  
सुवासरा से सुरक्षित बरामद

रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और दबिश देकर महिला को सुवासरा से आरोपियों भगवान सिंह सोंधिया राजपूत और अनिल सुथार के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार (एमपी 14 जेडएफ 4107) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
शादी समारोह में गुम हुआ था बैग

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 15–20 दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान ज्वेलरी से भरा बैग गुम हो गया था, हालांकि उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। बाद में बैग में कीमती जेवर होने की बात सामने आई।

पुलिस ने 36 वर्षीय भगवान सिंह पुत्र रामसिंह सोंधिया राजपूत और 24 वर्षीय अनिल पुत्र बागड़ी राम सुथार को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी नैनसिंह सोंधिया राजपूत और उसकी पत्नी सुमित्रा सोंधिया राजपूत की तलाश जारी है।

महिला की सुरक्षित बरामदगी में थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया, एसआई हरि सिंह बडेरा, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षक शकील, महिला आरक्षक अनीता जाटव और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
158481