प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन की फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 47 दिनों से जंक्शन की \“शान\“ कही जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस (12417/12418) माघ मेले के कारण सूबेदारगंज स्टेशन से संचालित हो रही थी, अब एक बार फिर प्रयागराज जंक्शन पर लौट रही है। यानी प्रयागराज जंक्शन से चलेगी और यहां तक आएगी। 18 फरवरी से यात्री इस वीआइपी ट्रेन को पकड़ने के लिए जंक्शन का रुख करेंगे। इससे पिछले डेढ़ महीने से जारी यात्रियों की आपाधापी और अतिरिक्त मशक्कत से छुटकारा मिलेगा।
17 फरवरी तक सूबेदारगंज स्टेशन से संचालन
विदित हो कि माघ मेले के दौरान जंक्शन पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने दो जनवरी से 17 फरवरी तक इस ट्रेन को सूबेदारगंज स्टेशन शिफ्ट कर दिया था। इस बदलाव के कारण शहर के मुख्य हिस्सों में रहने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सूबेदारगंज तक पहुँचने के लिए न केवल ऑटो और टैक्सी का अतिरिक्त किराया जेब पर भारी पड़ रहा था, बल्कि समय की बर्बादी भी यात्रियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच रही थी। अब मेला संपन्न होने की ओर है, तो रेलवे ने इस ट्रेन को पुनः जंक्शन से चलाने का निर्णय लेकर शहरवासियों को बड़ा उपहार दिया है।
यात्रियों की मिलेगी राहत
जंक्शन पर ट्रेन की वापसी की खबर मिलते ही नियमित यात्रियों के चेहरे खिल उठे हैं। सिविल लाइंस निवासी और दिल्ली में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर आलोक मिश्रा कहते हैं कि सूबेदारगंज स्टेशन शहर से थोड़ा कटकर होने की वजह से वहां तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था। अब जंक्शन से ट्रेन चलने से न केवल समय बचेगा, बल्कि घर के पास से सुकून की सवारी भी मिल सकेगी। वहीं, अक्सर दिल्ली की यात्रा करने वाली छात्रा प्रिया सिंह का कहना है कि रात के समय सूबेदारगंज से घर के लिए सुरक्षित साधन ढूंढना मुश्किल होता था, लेकिन अब जंक्शन पर उतरकर सीधा ई-रिक्शा या ऑटो आसानी से मिल जाएगा।
पुराने समय पर होगा संचालन
यह बदलाव न केवल आम यात्रियों बल्कि व्यापारियों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आया है। प्रयागराज जंक्शन शहर के बीचों-बीच होने के कारण माल लाने-ले जाने और समय प्रबंधन में काफी सुविधा होती है। अब 18 फरवरी की रात से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 10:10 बजे प्रयागराज जंक्शन से प्रस्थान करेगी और सुबह वापसी में भी यहीं आकर रुकेगी। रेलवे के इस फैसले ने प्रयागराज से दिल्ली की राह को एक बार फिर सुगम और सरल बना दिया है।
यह भी पढ़ें- विदेश में जन्मे भारतीय भी बन सकेंगे मतदाता, इन्हें भरना होगा यह फार्म, भारत निर्वाचन आयोग ने दी है सुविधा
यह भी पढ़ें- माफिया अतीक अहमद के गुर्गों से मुक्त कराई भूमि पर बनेगा छात्रावास व ईडी भवन, 80 करोड़ की जमीन पर था कब्जा |
|