LHC0088 • 6 hour(s) ago • views 1031
संवाद सूत्र, गोंडा। 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन तैयारी पूरी कर ली है। राजकीय इंटर कालेज में स्थापित कोठार से जिले के सभी 151 परीक्षा को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्न पत्र भेजे गए। प्रश्नपत्रों को केंद्र के स्ट्रांगरूम में रखा गया है।
जिला विद्या निरीक्षक डा. रामचंद्र ने अपने निगरानी में प्रवेश पत्रों को परीक्षा केंद्रों को भिजवाया। जिले के 14 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील और तीन को अति संवदेनशील की सूची में शामिल किया गया है। इस वर्ष जिले में कुल 97340 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 95993 संस्थागत और 1347 व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनके लिए जिले भर में 151 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
151 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए
परीक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए चार जोनल मजिस्ट्रेट, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 151 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक के साथ एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की भी नियुक्ति की गई है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। वहीं पांच सचल दल का गठन करने के साथ ही 4625 कक्ष निरीक्षक की तैनाती की गई है।
डीआइओएस ने कहा कि परीक्षा के दौरान यदि किसी भी केंद्र से शिकायत मिलती है और जांच में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीआइओएस ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कसी भी विद्यार्थी का प्रवेश पत्र विद्यालय प्रबंधतंत्र द्वारा न रोका जाए। यदि कोई समस्या है तो उसका निस्तारण बाद में होता रहेगा, लेकिन प्रवेश सभी विद्यार्थियों को दिया।
यह भी पढ़ें- मॉनीटरिंग सेल मंडल लेवल पर करेगी UP बोर्ड परीक्षा की निगरानी, एक क्लिक से देख सकेंगे जिले के एग्जाम सेंटर
प्रवेश पत्र न मिलने से यदि किसी छात्र की परीक्षा प्रभावित होती है तो संबंधित विद्यालय प्रबंधतंत्र के खिलाफ विभागीय के साथ विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया कि कंट्रोल रूप का संचालन शुरू कर दिया गया है। इसे सभी परीक्षा केंद्रों से जोड़ा गया जिससे उसकी निगरानी हो सकेगी।
आज से शुरू हो रही सीबीएसई की परीक्षा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं 17 फरवरी से प्रारंभ हो रहीं है। करीब छह हजार विद्यार्थियों के लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा होगी। इसको लेकर परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली गई है। |
|