युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका।
संवाद सहयोगी, साहा। थाना साहा क्षेत्र के गांव मिठ्ठापुर के पास सत्संग घर के नजदीक से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान रविंद्र कुमार (25) निवासी तेपला के रूप में हुई है। शव के मुंह से खून निकल रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविंद्र कुमार पिछले कुछ दिनों से लापता था। बताया जाता है कि स्वजन इसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी मिठ्ठापुर में सत्संग घर के पास एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने रविंद्र के स्वजनों से संपर्क साधा और उसके बारे में पूछताछ की। गुमशुदगी की रिपोर्ट भी स्वजनों ने नहीं दी थी। जिस तरह से शव के चेहरे से खून निकल रहा है, उससे आशंका जताई जा रही है कि इसकी हत्या की गई हो।
हालांकि, मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगेगा। इस बारे में साहा थाना के एसएचओ से बात की, तो उन्होंने कहा कि हत्या की कोई आशंका नहीं है। शव को कब्जे में ले लिया है, जबकि आगामी कार्रवाई की जा रही है। |