search

मधेपुरा : अविवाहित युवती की प्रसव के बाद कैसे हुई मौत? क‍िसके पास है नवजात, प्रेमी व प‍िता दोनों संद‍िग्‍ध

deltin33 1 hour(s) ago views 401
  

प्रेम प्रसंग, प्रसव और मौत: बच्ची की तलाश में जुटी पुलिस



संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभ में परिजन शव का अंतिम संस्कार करने भागलपुर के महादेवपुर गंगा घाट ले जा रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने नवगछिया के समीप शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया। युवती के पिता को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आसपास के लोग भी युवती की असामयिक मौत से स्तब्ध हैं। प्रारंभिक तौर पर स्वजन बीमारी से मौत होने की बात कह रहे थे। उनका यह भी कहना था कि युवती के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था। हालांकि परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की आशंका

इधर पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवती ने 12 फरवरी की देर रात उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल, हरैली में एक बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसकी स्थिति गंभीर हो गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल या मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया था। इसी क्रम में उसकी मौत हो गई।

अस्पताल के दस्तावेजों के अनुसार युवती को रात 03:10 बजे प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। भर्ती के महज तीन मिनट बाद 03:13 बजे प्रसव दर्ज है। वहीं 04:30 बजे अत्यधिक रक्तस्राव का हवाला देते हुए उसे रेफर किया गया। यानी प्रसव के लगभग एक घंटा 17 मिनट बाद उसे उच्चतर चिकित्सा संस्थान भेजने की प्रक्रिया की गई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार रेफर की स्थिति में एंबुलेंस उपलब्ध कराई जा रही थी, लेकिन परिजन निजी वाहन से ले जाने की बात कहकर अस्पताल से निकल गए।

पुलिस के अनुसार नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ बताई गई है। हालांकि बच्ची फिलहाल किसके पास है, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि रेफर के बाद युवती को किस दिशा में ले जाया गया और रास्ते में क्या परिस्थितियां बनीं।
फोरेंसिक टीम ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को भागलपुर से फोरेंसिक टीम उदाकिशुनगंज पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि परिजन घर बंद कर अनुपस्थित पाए गए, जिसके कारण टीम को सीमित दायरे में ही जांच करनी पड़ी। परिसर और बरामदे से कुछ साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

जांच के दौरान एसडीपीओ अविनाश कुमार, थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। फिलहाल दूसरे दिन तक भी पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई थी। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई बिंदुओं पर स्थिति साफ हो सकेगी।
प्राथमिकी दर्ज, प्रेमी पर गंभीर आरोप

इस बीच युवती के पिता के आवेदन पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। आवेदन में पिपरा करौती निवासी राजेश यादव के पुत्र रिशू राज उर्फ बाबू और उसके परिवार के चार सदस्यों के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्राथमिकी में कहा गया है कि रिशू राज उर्फ बाबू ने शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई।

आवेदन के अनुसार गर्भवती होने की जानकारी परिवार को नहीं थी। आरोप है कि 12 फरवरी को रिशू राज उर्फ बाबू चुपके तरीके से युवती को उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराकर प्रसव कराया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो युवती बेहोशी की हालत में थी। आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान नवजात को लेकर आरोपित वहां से चला गया।

प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि चिकित्सकों द्वारा रेफर किए जाने के बाद परिजन युवती को घर ले आए और मधेपुरा ले जाने की तैयारी करने लगे। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और तफ्तीश जारी है। आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंतिम संस्कार से पहले शव बरामद

बताते चलें कि 13 फरवरी की दोपहर परिजन शव का अंतिम संस्कार कराने भागलपुर के महादेवपुर घाट ले जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। तत्पश्चात नवगछिया के समीप शव को बरामद कर लिया गया। पिता को थाना लाकर पूछताछ की गई और विधि-विधान के अनुसार पोस्टमार्टम कराया गया।

फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की निष्पक्षता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई सामने आ पाएगी। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
472692