सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, रामपुर। कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों में नौकरी करने वालों को होली पर घर जाने के लिए ट्रांसपोर्ट की सबसे बड़ी समस्या रहती है। इसे देखते हुए हर साल रेलवे अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करता है। इस बार भी रेलवे ने दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन किया है। इनमें होली स्पेशल दो ट्रेनें रामपुर स्टेशन से होकर न सिर्फ गुजरेंगीं, बल्कि यहां उनका ठहराव भी होगा। इससे नगर में रहने वाले लोगों को अपने घर जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। दोनों ट्रेनों में टिकट के लिए आनलाइन और आफलाइन बुकिंग शुरू हो गई है।
मुख्य टिकट निरीक्षक गोविंद सिंह जनी ने बताया कि होली स्पेशल चलने वाली दो ट्रेनों का रामपुर स्टेशन पर दो-दो मिनट का ठहराव रहेगा। इनमें एक होली स्पेशल ट्रेन 20 फरवरी यानी शुक्रवार से चलेगी, जो आनंद विहार से लखनऊ जंक्शन तक जाएगी। इस ट्रेन का संचालन पहली अप्रैल तक होगा। यह ट्रेन रोजाना चलाई जाएगी।
दिल्ली से लखनऊ जंक्शन जाने वाली ट्रेन रामपुर स्टेशन पर रात 12.27 बजे पर आएगी और दो मिनट ही रुकेगी। लखनऊ जंक्शन से दिल्ली जाने वाली ट्रेन यहां रात 1.20 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन के 40 चक्कर अप और 40 चक्कर डाउन के होंगे।
दूसरी ट्रेन संख्या 04302/04301 हरिद्वार से मुजफ्फरपुर (बिहार) तक चलेगी। इसका भी दो मिनट का रामपुर स्टेशन पर ठहराव होगा। यह ट्रेन 25 फरवरी, 28 फरवरी और तीन मार्च को हरिद्वार से मुजफ्फरपुर तक चलेगी।
ट्रेन का यहां पहुंचने का समय दिन में तीन बजकर 13 मिनट का है। इसी तरह मुजफ्फरपुर से हरिद्वार के लिए ट्रेन 26 फरवरी, पहली मार्च और चार मार्च को चलाई जाएगी। तब इसका रामपुर पहुंचने का समय सुबह 10.15 बजे का है।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर चीनी के शेयरधारक ध्यान दें! क्यों रुका डिविडेंड का पैसा? कंपनी ने बताई वजह |
|