LHC0088 • Yesterday 23:28 • views 778
होली से पहले दिन में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। ठंड अब धीरे-धीरे विदा लेगी। एक साथ कई प्रणालियों के सक्रिय होने से इस सप्ताह माैसम में बदलाव होते रहेंगे। सुबह कोहरा छाने के बाद अगले कई दिनों तक बादलों की आवाजाही हाेती रहेगी।
अगले सप्ताह से दिन में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी। होली से पहले अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान में अगले 15 दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
26 फरवरी तक अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री तो 27 फरवरी से पांच मार्च के बीच 28 से 36 डिग्री रहने की संभावना है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान 10 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है। चार मार्च को होली है और उससे पहले ही गर्मी दस्तक दे सकती है।
कल से हिमालय में नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटे के दौरान लो प्रेशर सक्रिय होने की संभावना है। इसके साथ ही हिमालय क्षेत्र में रविवार से फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। दोनों प्रणाली के सक्रिय होने से हिमालय व आसपास के क्षेत्र में वर्षा व हिमपात होंगे तो दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान है।
दोनों ओर से बादलों की आवाजाही से धनबाद व आसपास 25-26 फरवरी तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। 24 को कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। |
|