बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के चुनाव के दौरान दिल्ली हाइकोर्ट के बाहर वकीलों की भीड़। जागरण
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट परिसर के अंदर चल रहे बार काउंसिल ऑफ दिल्ली (बीसीडी) के चुनाव के मतदान में रविवार को चुनाव आचार संहिता का जमकर उल्लंघन हुआ।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर व दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) तलवंत सिंह ने एक सख्त आदेश दिया। चुनाव समिति ने कहा कि मतदान क्षेत्र के पास गंभीर उल्लंघनों की रिपोर्ट मिली है और इससे जुड़े सुबूत मिले हैं, जिसे सत्यापित किया गया है।
आदेश में कहा गया कि प्रत्याशियों के समर्थकों ने वोटिंग-बूथ के पास नारे लगाए, प्रचार सामग्री बांटी, टेंट और फ्लेक्स होर्डिंग लगाने के साथ ही बिना इजाजत बाहरी लोगों को तैनात किया है। रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि बिना इजाजत बाहरी लोगों को तैनात करने से मतदाताओं के साथ ही चुनाव के सही तरीके से होने में रुकावट आई।
निलंबित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता केके मनन, पूर्व बीसीडी चेयरमैन केसी मित्तल, हिमल अख्तर, महमूद प्राचा सहित अन्य शामिल हैं। निलंबित उम्मीदवार इस आदेश के खिलाफ 12 घंटे के अंदर अपील दायर कर सकते हैं।
सोमवार को जारी रहेगा बीसीडी चुनाव के लिए मतदान
शनिवार के बाद रविवार को भी बीसीडी चुनाव के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रविवार को भी बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए हाई कोर्ट पहुंचे। शनिवार को 17 हजार से अधिक लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। बीसीडी के 23 सदस्यों के पद के लिए हो रहे चुनाव के लिए मतदान सोमवार को भी जारी रहेगा। |