बरनाला नगर निगम के बाहर प्रदर्शन करते हुए ठेकेदार।
जागरण संवाददाता, बरनाला। पंजाब के बरनाला में नगर निगम बनने के बाद विकास कार्यों का भुगतान न मिलने से नाराज ठेकेदारों ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। करीब 40 करोड़ रुपये की बकाया राशि जारी न होने के विरोध में ठेकेदार मजदूरों सहित धरने पर बैठ गए।
धरने का नेतृत्व कर रहे ठेकेदार अमनदीप सिंह विक्की और बिंदर सिंह संधू ने बताया कि नगर कौंसिल के समय उन्होंने शहर में विभिन्न विकास कार्य पूरे किए थे। नगर निगम का गठन हुए लगभग तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनके किए गए कार्यों का भुगतान जारी नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- मोहाली में इमिग्रेशन कंपनी संचालक की हत्या में चार गिरफ्तार, नेपाल के रास्ते भागने की फिराक में थे, अब 16 पकड़े जा चुके
लंबे समय से भुगतान नहीं हुआ
ठेकेदारों का कहना है कि भुगतान लंबित होने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों को समय पर वेतन देना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें धरना देने का फैसला करना पड़ा।
धरने में ठेकेदार शिव कुमार लव सहौरिया, बीरबल दास गोयल, शीतल, जरनैल सिंह, काला धनौला, डिंपल, मलकीत सिंह मीता, वरिंदर हैप्पी, दिनेश सिंगला, साहिल बंसल और अर्शदीप मित्तल सहित कई अन्य ठेकेदार मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर बकाया भुगतान की मांग दोहराई।
यह भी पढ़ें- विधायक सुखपाल खैहरा के गांव रामगढ़ में डिच मशीन कार्रवाई पर हंगामा; समर्थक धरने पर बैठे
नया विकास कार्य नहीं शुरू करेंगे किसान
ठेकेदारों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक 40 करोड़ रुपये की राशि जारी नहीं की जाती, तब तक वे कोई भी नया विकास कार्य शुरू नहीं करेंगे। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने के चलते नगर निगम कार्यालय के बाहर दिनभर हलचल बनी रही। अब निगाहें प्रशासन की ओर हैं कि वह इस मामले में क्या कदम उठाता है।
यह भी पढ़ें- \“भ्रष्टाचार में कांग्रेस से भी चार कदम आगे निकली \“आप\“, पंजाब को किया बदहाल\“, लुधियाना में बोले सीएम नायब सैनी |