गुरुवार शाम मनाली में मौसम ने बदली करवट
जागरण संवाददाता, मनाली (कुल्लू)। कुल्लू जिले में स्थित हिल स्टेशन मनाली में गुरुवार को दिनभर मौसम साफ रहने के बाद शाम को अचानक बदल गया। शाम लगभग पांच बजे बादलों ने डेरा डाला और छह बजे रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने लगी। आधे घंटे बाद लगभग सात बजे मढ़ी व राहला फॉल में भी बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए।
दूसरी ओर लाहौल घाटी के बारालाचा, कुंजम व शिंकुला में भी हिमपात शुरू हो गया है, जबकि कोकसर के आसपास भी बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है।
लाहौल घाटी सहित मनाली में जनवरी महीने में तो पर्याप्त हिमपात हुआ है, लेकिन फरवरी महीने में मौसम अधिकतर समय साफ रहा है। रोहतांग सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुरू हुए हिमपात से मनाली सहित लाहुल घाटी में भी हिमपात की उम्मीद बढ़ गई है।  |