गोविंद नगर में सड़क पर जाम लगाए व्यापारी। जागरण
जागरण संवाददाता, कानपुर। गोविंद नगर में सीवर लाइन खोदाई के प्रस्ताव के विरोध में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। व्यापारियों ने दुकानें बंद करके नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के साथ व्यापारी सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात करके व्यापार की दुहाई दे काम रुकवाने का अनुरोध किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी उन्हें सौंपा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
हालांकि देर रात सीवर डालने के लिए सड़क खोदने का काम शुरू हुआ तो व्यापारी सड़क पर उतर पड़े और जाम लगा दिया। दबाव बढ़ा तो पुलिस ने काम रुकवा दिया और खोदी गई सड़क भी बराबर कर दी गई। अब प्रशासन, नगर निगम और पुलिस अधिकारियों की वार्ता के बाद इस काम को लेकर आगे कोई फैसला हो सकेगा।
गोविंद नगर के भगत सिंह मार्केट मार्ग पर सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई का काम शुरू होना है। तीन करोड़ रुपये की लागत में सीवर लाइन डालने के साथ ही सड़क, फुटपाथ व नाली भी बननी है। इससे क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी को बारिश के मौसम में सीवर भराव की समस्या से निजात मिल सकेगा। हालांकि स्थानीय व्यापारी इस काम का विरोध कर रहे हैं।
मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पाटनी का कहना है कि सीवर लाइन की खोदाई से उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। खोदाई के चलते ग्राहकों का आना-जाना मुश्किल हो जाएगा। अगले कुछ महीनों में सहालग का मौसम है और उसी दौरान खोदाई से उनका व्यापार चौपट हो जाएगा। सोमवार को व्यापारियों ने दुकान की चाबियां नगर आयुक्त को सौंपने की चेतावनी दी थी।
मंगलवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद करके नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष गुरजिंदर के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद डीएम को समस्या बताते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान डीएम ने व्यापारियों को यथासंभव मदद का भी आश्वासन दिया। इस दौरान अमित बत्रा, पम्मी खालसा, मनीष कपूर, देशपाल हांडा, गुलाब भोजवानी, मनीष वसंदानी, ललित जसलानी, मन्नू भवरानी आदि व्यापारी मौजूद रहे थे।
यह भी पढ़ें- यूपी में IGRS रैंकिंग में कानपुर की स्थिति अच्छी नहीं, 12 विभागों को कारण बताओ नोटिस
इधर रात करीब साढ़े दस बजे पार्षद नवीन पंडित व नगर निगम का दस्ता मौके पर पहुंचा और मौके पर सड़क की खोदाई का काम शुरू कर दिया गया। जैसे ही स्थानीय व्यापारियों को पता चला, बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। व्यापारियों ने सड़क घेरी और जाम लगा दिया।
इस बीच दबाव बढ़ने पर पार्षद व नगर निगम के अधिकारी मौके से हट गए। बाद में गोविंदनगर पुलिस ने मोर्चा संभाला। थाना प्रभारी रीकेश सिंह ने व्यापारियों से कई बार में वार्ता की और ऊपर से मिले निर्देशों के आधार पर पुलिस ने खोदी गई सड़क दोबारा से समतल करा दी। |