deltin33 • The day before yesterday 17:26 • views 553
एक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
जागरण संवाददाता, कोन (सोनभद्र)। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा विद्यालयों के संचालन को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। बावजूद इसके कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कचनरवा स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खुले होने का मामला सामने आया है। विद्यालय खुले होने की सूचना पर एक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
आरोप है कि विद्यालय खुला देखकर मौके पर पहुंचे ब्रह्मप्रकाश त्रिपाठी ने वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर विद्यालय प्रबंधन ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसके बाद यह मामला कचनरवा बाजार तक पहुंच गया। जहां वीडियो बनाने वाले युवक के पिता राम पीयूष त्रिपाठी और विद्यालय प्रबंधक के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विद्यालय प्रबंधक द्वारा राम पीयूष त्रिपाठी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। इसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित राम पीयूष त्रिपाठी ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए थाने आने की बात कही।
इसके बाद पीड़ित ने कोन थाने में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। |
|