सांकेतिक तस्वीर
संवाद सूत्र, फुलकहा(अररिया)। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के अंचरा पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक 45 वर्षीय अनमोल कुमार पासवान गुरुवार की सुबह अंचरा पंचायत के वार्ड संख्या 12 में प्रधानमंत्री आवास योजना का सर्वे कर रहे थे। इसी दौरान मोबाइल पर किसी का फोन आया, फोन पर बात करने के दौरान वह अचेत अवस्था में गिर गए। गिरने के बाद स्थानीय ग्रामीण नरपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनमोल पासवान नरपतगंज में करीब तीन वर्षों से पदस्थापित थे। वे अंचरा पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक थे। इसके अतिरिक्त मानिकपुर एवं बेला पंचायत में भी कार्यरत थे।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, प्रखंड प्रोग्राम पदाधिकारी रजनीश कुमार समेत प्रखंड एवं अंचल के पदाधिकारी एवं कर्मी अस्पताल पहुंचकर मृतक के स्वजनों को घटना की जानकारी दी।
पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेजने की तैयारी
मृतक मूल रूप से नरपतगंज प्रखंड के गोखलापुर गांव के निवासी थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेजने की तैयारी में जुटे हुए हैं। इधर घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। |
|