विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में होलीलॉज पहुंचे उनके समर्थक।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह के गत दिनों अधिकारियों पर दिए बयान के बाद सियासत नहीं थम रही है। विक्रमादित्य के विरुद्ध मंत्रियों की बयानबाजी के बाद अब उनके समर्थक होलीलॉज शिमला पहुंचे।
सोमवार को युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेशभर से युवा विक्रमादित्य सिंह के आवास होलीलॉज पहुंचे। युवाओं ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह अकेले नहीं है, बल्कि पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
बयानबाजी कैबिनेट का आंतरिक मामला
उन्होंने कहा कि यहां पर जो भीड़ आई है, वह कोई बुलाकर नहीं लाई गई है। यदुपति ठाकुर ने कहा कि प्रदेश भर से युवा अपने नेता के समर्थन में यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जो बयानबाजी की गई है, वह कैबिनेट का आंतरिक मामला है।
उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित सभी कैबिनेट मंत्रियों का उतना ही सम्मान करते हैं जितना विक्रमादित्य सिंह का।
प्रतिभा सिंह ने किया विक्रमादित्य सिंह का समर्थन
उधर, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह परिपक्व व वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें कब क्या कहना है, क्या बयानबाजी करनी है वह जानते हैं।
अधिकारियों पर बयान के बाद गरमाई सियासत
विक्रमादित्य सिंह की ओर से उत्तर प्रदेश व बिहार से संबंध अधिकारियों रखने वाले अधिकारियों को लेकर की टिप्पणी के बाद सियासत पूरी तरह से गरमा गई है। उनके बयान के बाद मंत्री जगत सिंह नेगी और अनिरुद्ध सिंह ने भी टिप्पणी की थी। इस बीच सीएम सुक्खू ने भी विक्रमादित्य सिंह को अपना काम सही से करने की बात कही थी। इस बीच अब उनके समर्थकों ने होलीलॉज पहुंचकर वीरभद्र परिवार का समर्थन किया है। |
|