बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां राधा देवी सरावगी का निधन
राज्य ब्यूरो, पटना। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की माता राधा देवी सरावगी का आज सुबह मुंबई स्थित हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे लगभग 82 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार राधा देवी सरावगी का पार्थिव शरीर आज दोपहर करीब 2:00 बजे दरभंगा स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
राधा देवी सरावगी को एक धार्मिक एवं सरल स्वभाव की महिला के रूप में जाना जाता था। वे सामाजिक और पारिवारिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं। उनके निधन से सरावगी परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
दरभंगा स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। परिवार ने शोक संतप्त सभी लोगों से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। पटना बीजेपी कार्यलय में शोक सभा का आयोजन किया जाएगा। |
|