धूरी के रणकेश्वर मंदिर रणीके में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, आप के राष्ट्रीय कनवीनर अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया। (सौ. डीपीआरओ)
जागरण संवाददाता, संगरूर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर संगरूर जिले के धूरी स्थित प्राचीन श्री रणकेश्वर मंदिर रणीके में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता विशेष रूप से मंदिर पहुंचे। सभी नेताओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। नेताओं के आगमन पर मंदिर कमेटी के मुख्य सेवादार और सदस्यों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और सिरोपाओ देकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें- युद्ध नशे विरुद्ध मोगा रैली से पहले विवाद; ड्यूटी से पटवारियों का बायकाट, राजनीतिक रंग देने के आरोप लगाए
रणकेश्वर मंदिर रणीके के मुख्य सेवादार महंत मुख्यमंत्री भगवंत मान को सम्मानित करते हुए। (सौ. डीपीआरओ)
यह भी पढ़ें- राजस्थान से पंजाब में हो रही थी नशे की सप्लाई; बठिंडा पुलिस ने 6.5 किलो अफीम समेत दो तस्कर दबोचे
केजरीवाल ने लोगों खुशहाल जीवन की कामना की
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व सत्य, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने देश और पंजाब की प्रगति तथा लोगों के खुशहाल जीवन की कामना की। मनीष सिसोदिया ने कहा कि धार्मिक स्थल समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और ऐसे अवसर हमें आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने धूरी क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।
सीएम मान ने जनकल्याण कार्यों के लिए प्रेरित किया
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यह पावन पर्व हमें समाज की सेवा और जनकल्याण के कार्यों के प्रति प्रेरित करता है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। महाशिवरात्रि के इस अवसर पर रणकेश्वर मंदिर रणीके में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
यह भी पढ़ें- Photos में देखें पंजाब भर में महाशिवरात्रि की धूम; मंदिर सुंदर लाइटों से सजे, शिवालयों में सुबह से लगीं लंबी कतारें |