गाजियाबाद में पेड़ से लटका मिला युवक का शव। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खाली भूखंड में लगे पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ मिला। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नंदग्राम इलाके में स्थित एक खाली प्लॉट में स्थानीय लोगों ने सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। शव को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के घुटने मुड़े हुए थे और शव पूरी तरह सीधे लटकता हुआ नहीं था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य तौर पर आत्महत्या की स्थिति में शरीर सीधे लटकता है, लेकिन यहां शव की स्थिति अलग नजर आ रही थी।
सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- \“सुपर बग\“ को जन्म दे रहा एंटीमाइक्रोबियल रेसिस्टेंस, गाजियाबाद में डॉक्टर ने एंटीबायोटिक दवाओं को लेकर दी जानकारी |