रैली के दौरान चंबल बीहड़ से गुजरती कार। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहाबाद रोड पर गुरुवार को इंजन की गड़गड़ाहट गूंजी तो हवा में घुली पेट्रोल की महक ने साफ संकेत दे दिया कि रोमांच शहर में दस्तक दे चुका है।
धड़कते दिल, हाथों में थामे टाइम-कार्ड और रोडबुक पर टिकी नजरें... सटीकता और साहस की असली परीक्षा अब शुरू होने जा रही है। आगरा-झांसी-आगरा टीएसडी एडवेंचर रैली का स्क्रूटनी सत्र के साथ औपचारिक शुभारंभ हो गया।
अब शुक्रवार से तीन दिन तक रैली का रोमांच आरंभ होगा, जो 800 किमी के रूट पर आगरा से झांसी तक प्रतिभागियों की क्षमता को परखेगा।
कोर्टयार्ड बाय मैरिएट में 52 कारें और 25 बाइकें कतारबद्ध खड़ी हुईं, तो लगा वह रणभूमि से पहले की अंतिम तैयारियां कर रही हों। वाहनों की तकनीकी जांच, सुरक्षा मानकों की पड़ताल के बाद सभी प्रतिभागियों को रैली और रूट से जुड़ी विस्तृत ब्रीफिंग दी गई।
स्क्रूटनी सत्र में रैली विशेषज्ञ सुदेव बरार ने प्रतिभागियों को टीएसडी (टाइम, स्पीड, डिस्टेंस) प्रारूप की जानकारी दी और रोड बुक पढ़ने की तकनीक, समय प्रबंधन, औसत गति बनाए रखने के साथ नेविगेशन के व्यावहारिक पहलुओं को बताया।
क्लब चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया गया कि रैली में सबसे कम टाइम पेनल्टी के आधार पर विजेता घोषित किए जाएंगे। आयोजन में नगर निगम भी सहयोग कर रहा है, जो स्वच्छ भारत अभियान का संदेश देगा।
संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया ने बताया कि रैली तीन चरणों में होगी। प्रथम चरण आगरा में, द्वितीय चरण में प्रतिभागी झांसी के लिए रवाना होंगे और तृतीय चरण में झांसी से आगरा वापसी होगी। प्रतिभागी 700 से 800 किमी का सफर तय करेंगे।
अनजान ग्रामीण रास्ते, तीखे मोड़, संकरी सड़कें और बदलता भूगोल, प्रतिभागियों को हर किमी पर एक नई पहेली खड़ी करेगा।
सचिव प्रशांत जैन और अध्यक्ष खेल अमित मित्तल ने बताया कि दुर्गम मार्गों और ग्रामीण अंचलों से गुजरने वाली इस रैली में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।
विशेष आकर्षण पुणे से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रैली ड्राइवर संजय टकाले गेस्ट आफ आनर के रूप में उपस्थित रहेंगे। विजेताओं को प्रोफेशनल, नोवाइस, कपल और महिला श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
अध्यक्ष राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल, अर्पित अग्रवाल, सह सचिव करण अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रताप मौजूद रहे। |