पुलिस लाइन में दौड़ लगाते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह अन्य अधिकारीगण। जागरण
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जवानों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया।
सुबह निर्धारित समय पर पुलिस लाइन मैदान पहुंचे एसएसपी ने पहले जवानों के साथ दौड़ और शारीरिक व्यायाम किया।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने में शारीरिक क्षमता की अहम भूमिका होती है।
दौड़ के बाद एसएसपी ने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों की शस्त्र ड्रिल और मैन्युअल अभ्यास की बारीकी से जांच की।
अभ्यास के दौरान जहां-जहां कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शस्त्र संचालन और ड्रिल में शत-प्रतिशत दक्षता बनाए रखना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।
कार्यालय, स्टोर, बैरक और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस लाइन पूरे जनपद की पुलिस व्यवस्था का केंद्र है।
यहां की व्यवस्थाएं हर समय अपडेट और सुचारु रहनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर भी सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी कर्मचारियों के भोजनालय भी पहुंचे। यहां उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल समेत जिले भर के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में फुटपाथ से चोरी हुई बच्ची 4 घंटे में बरामद, आरोपित की तलाश जारी |