धमकी के बाद हिमाचल में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट (फोटो: जागरण)
राज्य ब्यूरो, शिमला। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की ओर से देशभर के प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाने की धमकी के बाद प्रदेश में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। प्रदेश पुलिस ने सभी जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी करते हुए प्रमुख धार्मिक स्थलों में सुरक्षा और चौकसी बढ़ा दी है।
प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने पुलिस अधीक्षकों को आदेश जारी कर मंदिरों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग और डाग स्क्वाड की तैनाती करने को कहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कई मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें। पुलिस व खुफिया एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। |
|